बेहद ताकतवर तूफान 'पिलिन' ने भारत में दस्तक दे दी है. ये तूफान जब ओडिशा के तट पर टकराया तो इसकी गति 200 किलोमीटर प्रति घंटे मापी गई. मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि ये रफ्तार 220 किलोमीटर पार कर सकती है. अगर ऐसा हुआ तो 'पिलिन' सुपर साइक्लोन कहा जाएगा और तबाही अनुमान से भी कहीं ज्यादा होगी. ओडिशा में अभी तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है. साथ ही पश्चिम बंगाल के हल्दिया से चीन जा रहा एक जहाज भी इसकी चपेट में आने से लापता हो गया है. इसमें 35 लोग सवार थे.
तेज हवाओं के साथ भारी बारिश, अंधेरे में डूबा गोपालपुर, टूटी खिड़कियां
गोपालपुर में 210 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं से आसपास मौजूद घरों की खिड़कियां टूट गईं. राहुल कंवल ने जानकारी दी कि पहले हवाएं एक ही दिशा में चल रही थीं, लेकिन अब किसी भी दिशा में चल रही है और यह ज्यादा तबाही मचा रही है. 48 घंटे तक बारिश जारी रहने की आशंका है. पूरा गोपालपुर अंधेरे में डूब चुका है. बेहरामपुर में भी इसका असर देखने को मिल रहा है.
ओडिशा के तटीय जिलों, खासतौर से गंजाम, जहां का गोपालपुर-आन-सी तूफान का प्रवेश बिंदु था, में चारों तरफ अंधकार था, तूफान के गति के चलते पेड़ और बिजली के खंबे उखड़ गए. भारी वर्षा के कारण लोग घरों के भीतर रहे और सड़कों पर वाहन रुक गए.गोपालपुर के सारे होटल बंद कर दिए गए हैं.
राजधानी भुवनेश्वर के अलावा राज्य के तटीय जिलों गजपति, खुर्दा, पुरी, जगतसिंहपुर, नयागढ़, कटक, भद्रक और केन्द्रपाड़ा में भारी से बहुत भारी बारिश हुई.
पश्चिम बंगालः 'पिलिन' की चपेट में आया जहाज
तूफान की चपेट में एक जहाज आ गया है. ये जहाज शुक्रवार को हल्दिया से चला था और इसे चीन जाना था. इस जहाज में 35 लोग सवार थे. बंगाल की खाड़ी में जहाज के लापता होने की खबर आ रही है. अभी तक इस जहाज के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है.सेना, भारतीय वायुसेना, नौसेना, सीआरपीएफ और राष्ट्रीय आपदा कार्रवाई बल आपदा से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में तैनात हैं.
यातायात बुरी तरह प्रभावित
चक्रवात के कारण हावड़ा और विशाखापतनम के बीच चलने वाली सभी रेलगाड़ियां रद्द कर दी गई हैं. ओडिशा के तटीय इलाकों और आंध्र प्रदेश के तीन तटीय जिलों में एहतियात के तौर पर बिजली आपूर्ति रोक दी गई है.
‘फैलिन’ की वजह से विमान और रेल यातायात प्रभावित हुआ है और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया है. एयर इंडिया, इंडिगो और जेट एयरवेज की भुवनेश्वर आने या जाने वाली कम से कम 10 उड़ानों को रद्द कर दिया गया है.
झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश भी पहुंचेगा 'पिलिन'
गोपालपुर, ओड़िशा से शनिवार की रात सवा नौ बजे दो सौ किलोमीटर की रफ्तार से प्रवेश करने वाला तूफान रविवार की सुबह आठ बजे छत्तीसगढ़ पहुंचेगा और तब इसकी रफ्तार 63 से 115 किलोमीटर तक होगी. इसके साथ ही तूफान झारखंड में 63 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दाखिल होगा और सोमवार को पिलिन तूफान का असर पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिलेगा.
पहले अनुमान लगाया गया था कि तूफान शाम छह बजे से आठ बजे के बीच ओडिशा के तट पर पहुंचेगा. भारतीय मौसम विभाग का अनुमान है कि गंजाम, पुरी, खुर्दा और जगतसिंहपुर जिलों में लहरों की उंचाई तीन से साढ़े तीन मीटर के बीच होगी.
