बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने भागलपुर जिला के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के बिगड़ते हालात का शुक्रवार को हवाई सर्वेक्षण किया | इस दौरान मुख्यमंत्री ने यह हवाई सर्वेक्षण बक्सर से लेकर कटिहार तक किया | जिसमें उन्होने गंगा, गंडक और कोसी नदियों की भयावहता एवं बांधों की दयनीय स्थिति को नजदीक से देखा |
विभागीय सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने पटना पहुँच कर सभी जिलाधिकारियों एवं संबन्धित विभाग के सचिवों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग की और मौके पर ही आवश्यक निर्देश भी जारी किया |
इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निदेश दिया है कि राहत वितरण में निष्ठा पूर्वक एवं उदारता पूर्वक ससमय वितरण कार्य करावें | राहत शिविरों का संचालन सुचारु रूप से हो | शिविरों में शौचालय, चापाकाल, चिकित्सा सुविधा तथा साफ सफाई अच्छे ढंग से रखा जाय | मौके पर जिलाधिकारियों को स्वयं राहत शिविर की जांच कर देय सुविधा को दुरुस्त रखने को भी कहा गया |
साथ ही बाढ़ से हुए फसल क्षति का आकलन तथा पीड़ित किसानों की सूची बनाने की दिशा में अविलंब कार्रवाई करने का निदेश दिया गया | इसके अलावा मकान क्षति का भी त्वरित आकलन कर सहायता राशि का भुगतान करने का आदेश दिया गया | मौके पर ही खाद्यान्न, नगद अनुदान, पशु चारा इत्यादि के लिए आवश्यकतानुसार आबंटन की मांग करने का निदेश दिया गया | साथ ही सरकारी नावों पर निशुल्क सेवा संबंधी सूचना पेंटिंग कर प्रदर्शित करने का भी मुख्यमंत्री द्वारा निदेश दिया गया है |
इस मौके पर आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव व्यास जी के अलावा स्वास्थ्य विभाग तथा सिंचाई विभाग के प्रधान सचिव सहित कई विभागों के सचिव, प्रधान सचिव तथा जिलाधिकारी के अतिरिक्त अपर समाहर्ता, आपदा प्रभारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशु पालन पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी, लघु सिंचाई इत्यादि उपस्थित थे |
