केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश से भागलपुर के सांसद सह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने जिले में बन रहे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की है।
शुक्रवार को दरभंगा के सांसद कीर्ति आजाद के साथ शाहनवाज केंद्रीय मंत्री रमेश से मिले और कहा कि वे जिले में ग्रामीण सड़कों का जाल बिछाना चाहते हैं। लेकिन पिछले कई वर्षों से कार्य में धीमी गति है। सांसद ने जयराम को भागलपुर आने का भी न्यौता दिया।
इसके पूर्व गुरूवार को लोकसभा में शाहनवाज ने कहा कि विक्रमशिला बहुत उपेक्षित है। संसद में हुसैन के साथ संवाद में गोड्डा के सांसद निशिकांत दूबे ने भी हिस्सा लिया और उनकी ओर से कहा गया कि विक्रमशिला तो उनका गांव है। हुसैन ने कहा कि यह देश की धरोहर है। सरकार को विक्रमशिला पर विशेष ध्यान देना चाहिए। कहा कि बिहार और केंद्र की अभी दोस्ती है। इसलिए दोनों को मिलकर विकास करना चाहिए। सिर्फ दोस्ती से विकास नहीं हो सकता। इसको लेकर वे राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री से मिल चुके हैं। पीएम ने डीपीआर जीएसवाई से तैयार करवाया। रिपोर्ट आने के बाद पांच हजार करोड़ केंद्र से रिलीज हुआ। बिहार सरकार ने अभी तक काम को आगे नहीं बढ़ाया। जब भागवत झा आजाद सीएम थे तो उनके द्वारा नालंदा की उपेक्षा नहीं की गई थी। इसलिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी विक्रमशिला की उपेक्षा नहीं करनी चाहिए।
