ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

इस प्रकार हुई मोस्ट वांटेड गिरीश सिंह की घर में हत्या


नवगछिया पुलिस जिला का मोस्ट वांटेड गिरीश सिंह (32) की 26 अगस्त सोमवार की शाम पांच बजे उसके ही हरियो स्थित घर के दरवाजे पर गोली मार कर हत्या कर दी गई। बिहपुर थाना क्षेत्र के हरियो गांव निवासी गिरीश के सीने व कनपटी पर गोली मार कर अपराधी फरार होने में सफल हो गए। जानकारी के अनुसार गिरीश घटना के कुछ देर पहले ही मोटर साइकिल से अपने घर पहुंचा था। घर पहुंच कर उसने अपनी दादी से पानी मांगा। उसकी दादी काया देवी पानी लाने घर के अंदर गईं, तभी अपराधियों ने उसकी हत्या कर दी। काया देवी जब दौड़ कर बाहर आई तो उन्होंने दरवाजे पर गिरीश को खून से लथपथ पाया। लोगों ने तीन गोलियां चलने की आवाज सुनी थी।
घटना की सूचना पाकर बिहपुर थाना एवं झंडापुर ओपी पुलिस के साथ इंस्पेक्टर दिनेश सिंह व प्रभारी थानाध्यक्ष वासुदेव प्रसाद मौके पर पहुंचे। पुलिस को लाश के पास से दो खोखे मिले हैं। इनमें से एक देसी पिस्तौल व दूसरा बंदूक का बताया जा रहा है। बाद में नवगछिया एसपी शेखर कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है जिसे आज मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
गिरीश की पत्‍‌नी गर्भवती है और फिलहाल भागलपुर में है। गिरीश को एक छह वर्षीय पुत्र आदित्य भी है। गिरीश कम समय में ही अपराध की दुनिया का माहिर खिलाड़ी बन गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरीश हत्या, अपहरण, लूट, डकैती, जानलेवा हमले, फिरौती के लिए अपहरण जैसे कई घटनाओं में आरोपी था। क्षेत्र में गिरीश का ऐसा आतंक था कि उसके भय से कोई भी पुलिस के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाता था। 17 फरवरी 2013 की रात हरियो गांव में हुए जिला पार्षद निरंजन सिंह हत्याकांड में पुलिस को गिरीश की तलाश थी।