ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

सीरियल ब्लास्ट के विरोध में भाजपा का गया बंद का एलान

महाबोधि मंदिर में बम धमाकों ने बिहार सरकार और विपक्षी दलों को मुद्दा दे दिया है। भाजपा ने इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जिम्मेदार बताते हुए सोमवार को गया बंद का एलान किया है। राजद-लोजपा ने मुख्यमंत्री से इस्तीफा मांगा है।
राजद सोमवार को मगध प्रमंडल को बंद कराएगा। जदयू का कहना है कि यह किस कदर बेशर्मी है कि विपक्ष को वह अराजक कारनामा भी रास आ रहा है।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि बोधगया की घटना से भाजपाई प्रसन्न हैं। दुखी होने की बजाय नारा लगाने का क्या मतलब है? इनकी संवेदनशीलता का हाल यह है कि एकजुटता दिखाने की जगह नारेबाजी कर रहे हैं। पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने बोधगया की घटना को आपराधिक लापरवाही की संज्ञा देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि सूचना रहने के बावजूद सुरक्षा सुनिश्चित क्यों नहीं की जा सकी?

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने कहा कि नीतीश ने जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ दी है। बोधगया की वारदात के वही जिम्मेदार हैं। राजद के रामकृपाल यादव ने नीतीश से इस्तीफे की मांग की है। लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान ने भी नीतीश कुमार से इस्तीफे की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस की राय में यह धमाके बिहार को बदनाम करने की साजिश है। विश्व हिंदू परिषद के संगठन मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि यह धमाके राज्य सरकार के मुस्लिम तुष्टीकरण का परिणाम है।