ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

शादी समारोह के दौरान चली गोलियों से एक की मौत, दो घायल

शादी के दौरान चली गोलियों ने खुशी के माहौल को एकाएक गम के माहौल में बदल दिया | मामला नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत
गोपालपुर थाना क्षेत्र के तिनटंगा करारी का है | जहां 14 जुलाई की रात एक शादी के दौरान लोग डीजे की धुन के साथ थिरक रहे थे | वहीं अचानक खुशी के मारे गोलियां चलनी शुरू हो गयी | जिसमें से एक गोली राम किशुन ठाकुर नामक व्यक्ति को लग गयी | जिसके कारण उसकी मौत हो गयी | जिसका पोस्ट मार्टम अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया में किया गया | साथ ही दो लोग घायल हो गये |
जानकारी के अनुसार मृतक बीपीएल परिवार का काफी गरीब सदस्य था | जिसकी लाश को कबीर अन्त्येष्टि के पैसे के अभाव में अंतिम संस्कार के लिए भी रोका गया | अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया अखिलेश कुमार ने गोपालपुर के प्रभारी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी  को मुखिया से तत्काल कबीर अन्त्येष्टि का लाभ दिलाने को भेजा |
सूत्रों के अनुसार रविवार की देर रात गोपालपुर थाना क्षेत्र के करारी तिनटंगा गांव के बालू टोला में शादी समारोह के दौरान गोली चलने से एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा दो लोग घायल हो गए। सोमवार की सुबह गोपालपुर पुलिस के प्रभारी थानाध्यक्ष पीके वर्मा और सअनि शौकत अली खान घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी लेकर शव को अपने कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, बालू टोला निवासी शिव यादव की पुत्री की शादी के लिए परबत्ता गांव से बारात आई थी। बारात दरवाजा पर लगाने के दौरान बैंड के साथ नाच को लेकर गोली चली। गोलियों की आवाज से गांव के लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच गांव का दामाद राम किशुन ठाकुर की पेट में गोली लगी। वह बेहोश होकर वहीं गिर पड़ा। इसके अलावा भोपाल यादव के गले में गोली लगी एवं भोला यादव के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गया। घटना स्थल पर पुलिस को एक गोली का खोखा व एक जिंदा कारतूस मिला है। मृतक की मौत घायल भोपाल यादव के दरवाजे पर हुई। पुलिस ने घायलों व जिनकी पुत्री की शादी थी उनका बयान लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। हत्या की जानकारी मिलने पर एसपी ने एसडीपीओ एवं इंस्पेक्टर को घटना स्थल पर भेजा।