बिहार
में 4500 नए हाई स्कूल खुलेंगे। चालू वित्तीय वर्ष में एक हजार हाई
स्कूलों की स्थापना होगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को दरभंगा
जिले की अपनी सेवा यात्रा के आखिरी दिन यह एलान किया। दरभंगा के तारडीह
प्रखंड के ठेंगहा में उन्होंने कहा कि लड़के-लड़कियों को शिक्षित करने के
लिए प्रत्येक पंचायत में एक हाई स्कूल होगा। इससे पहले मुख्यमंत्री ने
ठेंगहा में मधेपुर-ठेंगहा घाट पथ पर कमला नदी के पूर्वी धार पर उच्चस्तरीय
आरसीसी पुल निर्माण का शुभारंभ किया। इस मौके पर आयोजित जनसभा में उन्होंने
कहा कि विकास कार्यों में वे कोई राजनीति नहीं करते। उन्होंने कहा कि
मधुबनी जिले की जनता ने भी इस पुल की मांग की थी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बताया कि पूर्वी धार में 20.22 करोड़ की
लागत वाले इस पुल के अलावा पश्चिमी धार में भी 20.43 करोड़ रुपए की लागत से
आरसीसी पुल बनेगा। दोनों पुलों को मिलाने वाली पहुंच पथ पर 37.54 करोड़
रुपए खर्च होंगे। इस मौके पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण
विकास मंत्री नीतीश मिश्रा, पूर्व एमएलसी संजय झा, पथ निर्माण सचिव प्रत्यय
अमृत आदि मौजूद थे। मुख्यमंत्री गौड़ा बौराम भी गए और विभिन्न विकास
योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और निरीक्षण किया। आखिर में नीतीश कुमार
दरभंगा पहुंचे और समाहरणालय में पूरे प्रमंडल के विकास कार्यों की समीक्षा
बैठक की।