ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

शिक्षकों पर लाठीचार्ज के विरोध में आज भागलपुर बंद

पटना में वेतन की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों पर मंगलवार को हुए बर्बर लाठीचार्ज से जिले के शिक्षक आक्रोशित हो गए हैं। विभिन्न शिक्षक संगठन व राजनीतिक दलों ने गुरुवार को बंद का आह्वान किया है।
जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के संगठन प्रभारी राणा कुमार झा ने बताया, सात से नौ मार्च तक सभी प्राथमिक व मध्य विद्यालय बंद रहेंगे। 11 मार्च को पटना के गांधी मैदान में प्रमंडलवार भूख हड़ताल की जाएगी। पांच दिनों की भूख हड़ताल के बावजूद यदि सरकार के कानों में जूं नहीं रेंगी तो जेल भरो आंदोलन चलाया जाएगा।
बिहार अराजपत्रित प्रारंभिक शिक्षक संघ ने लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को काला बिल्ला लगाकर काम किया। संघ के जिला सचिव राजीव कुमार सिंह ने शिक्षकों से शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का आग्रह किया है। बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ (गोप गुट) ने स्टेशन चौक पर मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री के पुतले फूंके। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सात मार्च को संघ ने बिहार बंद का निर्णय लिया है। अध्यक्ष रवींद्र सिंह, शेखर कुमार गुप्ता ने बताया, शिक्षकों ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया था। बिहार पंचायत-नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ सबौर शाखा ने बीआरसी पहुंच कर प्रशिक्षण बंद करा दिया। इस दौरान अध्यक्ष नवल किशोर मंडल, सचिव मु.मासूम रजा आदि दर्जनों शिक्षकों ने सबौर में भी मुख्यमंत्री का पुतला फूंका।
बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ (गोप गुट) की बैठक में शिक्षकों की पिटाई की घोर निंदा की गई। सचिव विष्णु कुमार मंडल ने बताया, सात मार्च को जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। बिहार पंचायत-नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रियरंजन कुमार ने बताया, सात मार्च को संपूर्ण भागलपुर को बंद रखा जाएगा। इस दौरान स्कूल, कॉलेज, कार्यालय, वाहनों का परिचालन पूर्ण रूप से बंद रहेगा।
बिहार पेंशनर समाज के सचिव धनुषधारी प्रसाद ने बताया, शिक्षकों की बर्बरतापूर्ण पिटाई की पेंशनर समाज घोर निंदा करता है। सेवानिवृत्त शिक्षक आंदोलन में बढ़-चढ़कर सहयोग करेंगे। बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के संयुक्त सचिव महादेव मिश्र ने माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षकों से सुबह नौ बजे संघ कार्यालय में एकत्रित होकर इंटर की प्रायोगिक परीक्षा का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। मीडिया प्रभारी प्रवीण कुमार झा ने कहा, 13 मार्च को आंदोलन की आगे की रणनीति बनाई जाएगी।