कुंभनगरी.| 'हर हर गंगे..., हर हर महादेव...' के घोष के बीच
प्रयाग (इलाहबाद) में महाकुंभ का पहला स्नान जारी है। अब तक सभी संन्यासी
अखाड़ों का स्नान खत्म हो गया है। महानिर्वाणी, पंचायती और जूना अखाड़े
का स्नान पूरा हो गया है। बाकी अखाड़े दिन भर स्नान करते रहेंगे। अब बैरानी
अखाड़े स्नान के लिए उतरेंगे। निर्वाणी अखाड़े का स्नान 10:40 बजे शुरू
होगा। आखिरी शाही स्नान निर्मल अखाड़े का होगा। साधु-संतों के साथ आम
श्रद्धालुओं भी संगम सहित अलग-अलग घाटों पर स्नान कर रहे हैं। कड़ी सुरक्षा
के बीच घाटों पर नहाने और पूजा पाठ का सिलसिला जारी है। पारा 10 डिग्री
सेल्सियस से भी कम होने के बाद भी बड़ी तादाद में लोग डुबकी लगा रहे हैं।
सुबह नौ बजे तक करीब 30 लाख लोगों ने डुबकी लगाई है।
रात 4.30 बजे से अखाड़ों के साधु पूरे लाव-लश्कर के साथ शिविरों से
संगम घाट के लिए निकले। ढोल-धमाकों के साथ सारे साधु कतारों से संगम के घाट
पर डुबकियां लगाईं। पहले स्नान की रात पूरे कुंभ कैंपस में उत्सव जैसा
माहौल था। 13 जनवरी से अचानक मेले में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई। शाम
तक लाखों श्रद्धालु मेले में पहुंच चुके थे। मेला प्रशासन का अनुमान है कि
सोमवार को 80 लाख श्रद्धालु दिन भर में गंगा-यमुना संगम और अन्य घाटों पर
स्नान किया। रात में संगम घाट को साधु संतों के लिए आरक्षित रखा गया था।