ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

कब्रिस्तान विवाद में प्रशासन ने सुनीं दोनों पक्षों की बात

सोमवार को भागलपुर प्रशासन ने रंगरा में कब्रिस्तान विवाद का हल निकालने का प्रयास किया। इस क्रम में दोनों पक्षों की बात प्रशासन ने सुनीं। आवश्यक कागजात साथ नहीं लाने के कारण प्रशासन ने दोनों पक्षों को चार दिनों की मोहलत दी।
सोमवार को डीआरडीए सभागार में रंगरा में कब्रिस्तान विवाद का हल ढूंढने के लिए जिला पदाधिकारी प्रेम सिंह मीणा की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त मिन्हाज आलम भी थे। बैठक में दोनों समुदाय के लोगों ने अपना-अपना पक्ष रखा।
बताया गया कि विवादित कब्रिस्तान कुल चार प्लॉट पर अवस्थित है। जिसमें से तीन प्लॉट को लेकर कोई विवाद नहीं है। सिर्फ चौथे प्लॉट को लेकर विवाद है क्यों कि इस प्लॉट पर दोनों समुदाय के लोगों द्वारा अपना स्वामित्व जताया जा रहा है। जिला पदाधिकारी ने दोनों पक्षों से अपने स्वामित्व से संबंधित दस्तावेज की छायाप्रति चार दिनों के अंदर समर्पित करने को कहा। दस्तावेजों के आधार पर सक्षम प्राधिकार के द्वारा स्वामित्व का निर्धारण किया जाएगा। इसके लिए पुन: बैठक बुलाई जाएगी। कहा गया कि कब्रिस्तान का पूर्वी भाग निर्विवाद है इसलिए इसकी घेराबंदी का प्रस्ताव विभाग को भेजने का निर्णय लिया गया। बैठक में रंगरा गांव के दोनों समुदाय के प्रतिनिधि, नवगछिया के पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार सिंह, अपर समाहर्ता प्रभात कुमार सिन्हा, नवगछिया के एसडीओ सुशील कुमार, डीसीएलआर, सीओ व सीआई आदि थे।