ईद-उल-जोहा (बकरीद) के मौके पर नवगछिया पुलिस जिला सहित पुरे भागलपुर जिले में चौकसी रहेगी। सांप्रदायिक संगठनों, असमाजिक तत्वों तथा सांप्रदायिक अशांति पर कड़ी निगरानी रहेगी। जहां बकरीद का पर्व शनिवार को मनाया जाएगा। जिला प्रशासन ने नवगछिया में 45 जगहों सहित, भागलपुर और कहलगांव अनुमंडल में कुल 250 स्थानों पर दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती कर दी है।
अनुमंडल पदाधिकारी सुशील कुमार के अनुसार नवगछिया पुलिस जिला क्षेत्र में विधि व्यवस्था
नियंत्रण हेतु नवगछिया थाना क्षेत्र में सात जगहों पर, परवत्ता थाना क्षेत्र में दो जगहों पर, खरीक थाना क्षेत्र में छह जगहों पर, गोपालपुर थाना क्षेत्र में चार जगहों पर, रंगरा ओपी क्षेत्र में छह जगहों पर, ढोल्बज्जा थाना क्षेत्र में तीन जगहों पर, इस्माईलपुर थाना क्षेत्र में तीन जगहों पर, बिहपुर थाना क्षेत्र में छह जगहों पर, झंडापुर ओपी क्षेत्र में तीन जगहों पर, भवानीपुर थाना क्षेत्र में पांच जगहों पर दंडाधिकारियों को पुलिस पदाधिकारियों को सशस्त्र बल एवं लाठी बल के साथ प्रतिनियुक्त कर दिया गया है।
डीएम और पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को सांप्रदायिक रुप से सक्रिय तत्वों की सूची अद्यतन करने का निर्देश दिया है तथा उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखने को कहा है। विषम परिस्थिति से निपटने के लिए यदि पुलिस बल के प्रयोग करने की आवश्यकता हो तो हिचकिचाहट नहीं करें। थानाध्यक्षों को अपने थाना के संवेदनशील क्षेत्रों का स्वयं निरीक्षण करने और दंडाधिकारी का सहयोग प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है। अगर कहीं कोई तनाव उत्पन्न हो जाए तो विधि व्यवस्था की स्थिति सामान्य होने तक प्रतिनियुक्ति बनी रहेगी। बकरीद के दिन आठ बजे सुबह से अत्यधिक मुस्तैदी से अपने दायित्वों का निर्वहन करना है। नमाज अदा करने के स्थलों पर विशेष रुप से निगरानी व सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। बिहार उत्पाद अधिनियम-1915 की धारा 26 के तहत बकरीद के दौरान विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए शराब की दुकानों को बंद रखने का आदेश दिया गया है।
भागलपुर में बकरीद पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तीन पालियों में छह-छह अधिकारियों को नियंत्रण कक्ष में लगाया है। ग्रुप एक में वरीय उप समाहर्ता शशि शंकर, विमलेश कुमार मिश्र और अजीत कुमार मंडल, ग्रुप दो में वरीय उप समाहर्ता संजीव कुमार, दिनेश प्रसाद सिंह और ग्रुप तीन में वरीय उप समाहर्ता सुधीर कुमार सहित छह अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं नवगछिया में भी नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। जिसका टेलिफोन नम्बर है- 06421- 223103 तथा भागलपुर के नियंत्रण कक्ष का नम्बर 100 है।