ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

बिना मांगे कार्टूनिस्ट असीम त्रिवेदी को मिली जमानत

देशद्रोह के मामले में गिरफ्तार किए गए कार्टूनिस्ट असीम त्रिवेदी को बॉम्बे हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। हाईकोर्ट ने उन्हें 5 हजार के निजी मुचलके पर जमानत दी है।
बॉम्बे हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद भी यह सवाल बाकी हैं कि क्या असीम त्रिवेदी जमानत को कबूल करेंगे। असीम पर राष्ट्रीय प्रतीकों के अपमान का आरोप है और इसे लेकर मुंबई में उनपर देशद्रोह का मुकदमा दायर किया गया है।

आरआर पाटिल ने देशद्रोह का आरोप हटाने के दिए संकेत
भारी दबाव के बीच महाराष्ट्र के गृह मंत्री आरआर पाटिल ने मंगलवार को कहा कि असीम के ऊपर से देशद्रोह का आरोप हटाया जाएगा। आरआर पाटिल ने कहा, "असीम के कार्टून से राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान हुआ है, पर ये कार्टून उन्होंने देशद्रोह के इरादे से नहीं बनाया था। सरकार असीम पर से आईपीसी की धारा 124ए (देशद्रोह) हटाने पर विचार कर रही है।"
मुंबई की निचली अदालत ने सोमवार को असीम को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। असीम की जिद है कि वह तब तक जमानत की अर्जी कोर्ट में नहीं लगाएंगे, जबतक उनके ऊपर से देशद्रोह का केस वापस नहीं लिया जाता है।

अरविंद केजरीवाल ने धरने की चेतावनी दी

इससे पहले सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को आर्थर रोड जेल में बंद असीम त्रिवेदी से मुलाकात की। केजरीवाल ने चेतावनी दी कि यदि शुक्रवार तक असीम के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा वापस नहीं लिया जाता है तो वे अपने समर्थकों के साथ शनिवार से आर्थर रोड जेल के बाहर धरने पर बैठ जाएंगे।