भागलपुर जिला के नवगछिया अनुमन्डल अन्तर्गत गोपालपुर में चल रहे कटाव निरोधी कार्य में मंगलवार को करीब आठ बजे रात में स्पर चार का नोज बीस मीटर गंगा में बह गया। अभियंता बचाव कार्य में लगे हुए हैं। दूसरी ओर कई गांव पर बाढ का संकट गहरा गया है। जानकारी के अनुसार अब तक कई जगहों पर कटावरोधी कार्य ध्वस्त हो गये हैं। गोपालपुर में गंगा में कटाव रोकने के लिए बनाया गया स्पर पांच और छह भी तेजी से कट रहा है।
खरीक प्रखंड के राघोपुर में बोल्डर पिचिंग बांध एक किमी तक टूट गया है। यहां से पानी का रिसाव होने से आसपास के गांवों पर बाढ का खतरा बढ गया है।
खरीक प्रखंड के पीपरपांती में जियो बैग से किया गया कटावरोधी कार्य भी सफल नहीं है। दूसरी ओर बाढ नियंत्रण के लिए बने कोषांग पर भी सवाल खडे हो रहे हैं।