राष्ट्रपति चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल के दाम में 0.70 रुपये प्रति लीटर का इजाफा कर दिया गया है। इस इजाफे के बाद आज आधी रात से ही बढ़ी हुई दर पर पेट्रोल मिलने लगेगा। तृणमूल कांग्रेस ने कहा है कि पेट्रोल की कीमतें बढ़ाए जाने से ममता बनर्जी 'बेहद नाराज' हैं।
दाम बढ़ने के बाद अब दिल्ली में पेट्रोल की नई कीमत 68.48 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, मुंबई में इस बढ़ोत्तरी के बाद 1 लीटर पेट्रोल 74.05 रुपये में मिलेगा। दिलचस्प है कि कंपनियों ने कुछ समय पहले पेट्रोल के दामों में एक बार में 7.50 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया था। उसके बाद क्रूड ऑयल की कीमतों में कमी के बाद 2 जून को पेट्रोल के दाम करीब 2 रुपये कम किये गए थे। इसके बाद 29 जून को फिर से कटौती करते हुए 2.46 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल सस्ता किया गया था। तेल कंपनियों ने अब हर पखवाड़े में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतों और विदेशी मुद्रा के आधार पर हर महीने की पहली और 16वीं तारीख को पेट्रोल की कीमतों में संशोधन करने का फैसला भी लिया है। ये सुविधा पहले भी मौजूद थी, हालांकि इस पर सुचारू तरीक से अमल नहीं हो पा रहा था। जानकारों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमत में प्रति डालर की कमी का मतलब होता है देश में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत में प्रति लीटर 33 पैसे की कमी। लेकिन जितनी बाद डालर के मुकाबले रुपया एक रुपए बढ़ता है तो उससे घरेलू पेट्रोलियम उत्पादों की लागत 77 पैसे बढ़ जाती है।