एशियाई खेलों (2006) की स्वर्ण पदक विजेता पिंकी प्रमाणिक को गुरुवार को बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया और उस पर आरोप लगाया कि वह महिला नहीं बल्कि पुरुष है। पुलिस ने कहा कि एक महिला ने बागुयाती पुलिस स्टेशन में बलात्कार की शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद प्रमाणिक को आज सुबह ही गिरफ्तार किया गया। बागुयाती पुलिस स्टेशन के शीर्ष अधिकारी ने कहा कि शिकायत में कहा गया कि यह एथलीट महिला नहीं बल्कि पुरुष था और वह पिछले कुछ महीने से उससे शादी करने का वादा कर रहा था, लेकिन बाद में उसने इंकार कर दिया। अधिकारी ने कहा कि एथलीट पिंकी ने शिकायत करने वाली महिला से धन भी लिया है।
उन्होंने कहा कि प्रमाणिक का सरकारी अस्पताल में मेडिकल चेकअप कराया जाएगा जिसके बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा। पूर्वी रेलवे की मध्यम दूरी की धाविका ने 2006 दोहा एशियाड में चार गुणा 400 मी रिले में स्वर्ण जीता था और फिर 2006 मेलबर्न राष्ट्रमंडल में भी इसी स्पर्धा का रजत पदक प्राप्त किया था। प्रमाणिक ने कोलंबो में 2006 सैफ खेलों में 400मी, 800मी और चार गुणा 400 मी रिले स्पर्धाओं में तीन स्वर्ण पदक जीते थे। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के एक अधिकारी ने कहा कि अगर साबित हो जाता है कि यह एथलीट पिंकी पुरुष है तो उससे सारे पदक छीन लिए जाएंगे। इससे पहले की एक घटना के अनुसार प्रमाणिक को 22 नवंबर, 2004 को शस्त्र अधिनियम के अंतर्गत नादिया जिले के हबीबपुर नाथपाड़ा गांव से गिरफ्तार किया गया था जब स्थानीय लड़कों ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसके बैग से रिवाल्वर मिला था। इन लड़कों ने उसका बैग छीना था।