भागलपुर जिला में इंदिरा आवास के लाभुकों का खाता खुलवाने में लापरवाही करने पर सन्हौला, सबौर, नाथनगर, खरीक, इस्माइलपुर व गोपालपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारियों को चेतावनी मिली है।
उप विकास आयुक्त गजानन मिश्र ने सोमवार को अपने कक्ष में प्रखंड विकास पदाधिकारियों की बैठक में इंदिरा आवास वितरण कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान पाया गया कि जिले में अब तक 33 प्रतिशत ही लाभुकों का खाता खुल पाया है। वहीँ छह प्रखंडों की स्थिति तो और भी खराब है जहां 20 प्रतिशत ही खाता खुले हैं। डीडीसी ने कहा कि सभी बीडीओ को कार्य में तेजी लाने तथा अगले सोमवार तक खाता खुलवाकर सूचना देने का निर्देश दिया गया।
बीआरजीएफ व मुख्यमंत्री ग्रामोदय योजना का वार्षिक कार्य योजना 27 जून तक तैयार करने को कहा गया। डीडीसी ने कहा कि छह प्रखंडों ने कार्य योजना दी है लेकिन दस ने अभी तक जमा नहीं किया है। डीडीसी ने कहा कि यह हिदायत दी गई है कि किसी लाभुकों का नाम दुबारा या किसी मृत लाभुक का नाम पाया गया तो संबंधित पंचायत सचिव सहित उनके सहयोगियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी तथा बीडीओ के खिलाफ पर्यवेक्षण दायित्व में विफलता मानते हुए ग्रामीण विकास विभाग को प्रपत्र क गठित कर सूचित किया जाएगा। बैठक में सभी बीडीओ के अलावे निदेशक लेखा प्रशासन एसएन सिंह और परियोजना पदाधिकारी विजय उपाध्याय उपस्थित थे।