ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

प्रखंड प्रमुख के पुत्र की गोली मारकर हत्या

नवगछिया पुलिस जिला के गोपालपुर थाना से सटे प्रखंड मुख्यालय परिसर में सोमवार को प्रमुख के पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली लगने के बाद घायल प्रमुख पुत्र को अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे भागलपुर रेफर कर दिया। इसी दौरान रास्ते में विक्रमशिला सेतु पथ पर उसने दम तोड़ दिया। प्रमुख पुत्र पर दर्जन से अधिक मामले विभिन्न थाना क्षेत्र में लंबित हैं।

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब तीन बजकर बीस मिनट पर प्रखंड कार्यालय में लिपिक के कमरे में प्रमुख राममणि देवी का पुत्र डब्लू यादव प्रखंड कार्य करवा रहा था। इसी दौरान पांच अपराधियों ने उस पर हमला बोल दिया। हथियार के बट से पहले उसे पीट कर अधमरा कर दिया। बाद में सिर में एक गोली मार कर सभी अपराधी फरार हो गए। इस दौरान बदमाशों ने प्रमुख पुत्र के साथ निजी अंगरक्षक की पिटाई कर उससे लाइसेंसी हथियार भी छीन लिया। घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है। घटना की सूचना पर पहुंचे गोपालपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक विनय कुमार सिंह आदि ने घायल प्रमुख पुत्र को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया। अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल भागलपुर रेफर किया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने के पूर्व ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लाया है। एसपी मिट्ठू प्रसाद ने बताया कि प्रमुख पुत्र डब्लू यादव आपराधिक छवि का था। उसकी कई लोगों से दुश्मनी थी। उन्होंने खुद उसे अपनी सुरक्षा को लेकर सचेत किया था। बावजूद वह सुरक्षा को लेकर लापरवाह बना रहा।