बाल भारती विद्यालय में प्रार्थना सभा के दौरान मनाया गया विश्व पृथ्वी दिवस
नव-बिहार न्यूज, नवगछिया। विश्व पृथ्वी दिवस के मौके पर गोशाला रोड स्थित बाल भारती विद्यालय में प्रार्थना सभा के दौरान एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने पृथ्वी दिवस के महत्व को बताते हुए पर्यावरण संरक्षण, जल बचाव, प्लास्टिक के उपयोग में कमी जैसे विषयों पर अपने अपने विचार साझा किए। इस कार्यक्रम का संचालन शिक्षक वागीश झा और दीपक गुप्ता ने किया। जहां विद्यालय के प्राचार्य नवनीत सिंह एवं प्रशासक डी. पी. सिंह सहित सभी शिक्षक तथा विद्यालय कर्मी मौजूद थे।
कार्यक्रम में जहां विद्यालय के प्राचार्य नवनीत सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, "पृथ्वी दिवस हमें याद दिलाता है कि हमारा अस्तित्व प्रकृति पर निर्भर है। हमें पेड़ लगाना, जल बचाना और प्रदूषण कम करना चाहिए। एक छोटी सी कोशिश, पृथ्वी को सुंदर और सुरक्षित बना सकती है।" वहीं प्रशासक डी. पी. सिंह ने अपने संबोधन में कहा, "आज की युवा पीढ़ी अगर पर्यावरण के प्रति सजग हो जाए तो पृथ्वी को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित बनाया जा सकता है।" इसी क्रम में शिक्षक निमाई कुमार और उत्पल झा ने भी अपने विचार साझा किए और छात्रों को पर्यावरण के प्रति उत्तरदायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़ कर एक कई आकर्षक पोस्टर का निर्माण किया और पृथ्वी को बचाने के लिए संदेश दिया। कार्यक्रम में रिमू, वैष्णवी, कलश, प्राची, आराध्या, खुशी, पल्लवी, स्वाति, प्राची, नमन, फलक, अनुष्का, अभिनव, आदर्श, पीहू, सान्या और करण ने भी अपने विचार साझा किए।