रामनवमी पर हनुमान मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, की भक्ति भाव से पूजा अर्चना
नव-बिहार समाचार, नवगछिया। रामनवमी को लेकर स्थानीय नवादा स्थित पंचमुखी बाला जी धाम सहित नवगछिया नगर के सभी हनुमान मंदिरों में श्रद्धालु उमड़ पड़े। जहां सभी श्रद्धालुओं द्वारा पूजा अर्चना की गयी और प्राय सभी मंदिरों में विशेष आयोजन भी किये गये। नवगछिया के प्रसिद्ध पंचमुखी बाला जी धाम स्थित हनुमान मंदिर में सुबह वैदिक विधि विधान से पूजा की गयी और ध्वज स्थापित किया गया। सुबह से देर शाम तक यहां भक्तों का तांता लगा रहा। पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि शुक्रवार को भव्य शोभायात्रा निकाली जायेगी, जिसमें नवगछिया के सभी सनातनियों की भागीदारी रहती है। यहां के विभिन्न आयोजनों में श्रीधर शर्मा, संतोष गुप्ता, विक्रम भूडोलिया, काशी गुप्ता, अशोक केडिया, अरुण मावंडिया इत्यादि लोग लगे हुए हैं।
इधर नगर परिषद के वार्ड 27 स्थित टीचर्स कॉलोनी में पूजा अर्चना कर भक्तों ने कई संकल्प लिया है। पूजा कमेटी के सदस्यों ने बताया कि श्रद्धालुओं ने मंदिर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का संकल्प लिया। यहां हुए विभिन्न आयोजनों में पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद यादव, अनंत यादव, पंकज, ज्योतिषरजक, उदय गुप्ता, अरविंद, शंकर मालाकार, चंद्रशेखर, महादेव मौजूद थे।
इसके अलावा स्टेशन वाले प्राचीन हनुमान मंदिर, राजेंद्र कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर, मक्खातकिया स्थित बजरंग बली मंदिर, मील टोला स्थित बजरंगबली मंदिर, चैती दुर्गा परिसर स्थित हनुमान मंदिर, गरीबदास ठाकुरबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर, घाट ठाकुरबाड़ी स्थित दो गदा वाले हनुमान मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना की गई। वहीं श्रीशिवशक्ति योगपीठ में गुरुमाता के नेतृत्व में आश्रम में काफी संख्या में दीप प्रज्वलित कर सजाए गए।