कार्तिक पूर्णिमा को लेकर कहलगांव के गंगा घाटों पर मजिस्ट्रेट व पुलिस तैनात, होगी निगरानी
कहलगांव व बटेश्वर गंगा घाट पर स्नान के लिए कार्तिक पूर्णिमा पर शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सीढ़ी घाट, सती स्थान घाट, चारोधाम घाट व बटेश्वर स्थान घाट पर मजिस्ट्रेट व पुलिस बलों की प्रतिनियुक्त कर दी है। सुरक्षा के लिए गंगा तटों पर पर्याप्त संख्या में नाव, नाविक, गोताखोर व लाइफ जैकेट आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश सीओ को दिया गया है। इन घाटों पर रोशनी व बैरिकैडिंग का इंतजाम करने का जिम्मा नगर पंचायत प्रशासन व सीओ को दिया गया है। बीडीओ रवि कुमार सिन्हा कहलगांव के घाटों पर और बटेश्वर स्थान घाट पर सीओ रामअवतार यादव गंगा में नाव से गश्त करेंगे। एसडीएम द्वारा जारी निर्देश के अनुसार धारा 144 के तहत घाटों पर निजी नावों का परिचालन बंद रहेगा। सभी थानाध्यक्ष अपने क्षेत्रों में सघन गश्त करेंगे। यह आदेश 19 से 20 नवंबर की मध्य रात्रि तक प्रभावी रहेगा।
कार्तिक पूर्णिमा पर शुक्रवार को कहलगांव की उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान के लिए भीड़ उमड़ेगी। यहां हर साल इलाके के अलावा सीमावर्ती झारखंड से भी हजारों लोग गंगा स्नान के लिए आते हैं। गुरुवार की शाम से ही गंगा तट पर श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया और हजारों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। पुलिस प्रशासन सुरक्षा को लेकर मुस्तैद है। गंगा में स्नान के बाद पूजा-अर्चना कर दीपक दान कर देव दीपावली मनायी जायेगी। बटेश्वर स्थान में भी पूजा को लेकर भीड़ लगेगी। जिसे लेकर प्रशासन ने व्यवस्था कर ली है।