ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

गांधी जयंती पर निकली भाजपा की तिरंगा यात्रा हुई बाधित, बीच रास्ते से ही लौट गए सभी लोग

गांधी जयंती पर निकली भाजपा की तिरंगा यात्रा हुई बाधित, बीच रास्ते से ही लौट गए सभी लोग
नवगछिया (भागलपुर)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के जन्मदिन पर शनिवार की शाम नवगछिया जिला भाजपा द्वारा निकाली गई तिरंगा यात्रा बीच रास्ते में ही बाधित हो गई। जिसकी वजह से यह तिरंगा यात्रा अपने निर्धारित समापन स्थल तक भी नहीं पहुंच सकी। जिसे बीच रास्ते में रुकने के बाद वहीं समाप्त कर दिया गया। इस यात्रा में शामिल सभी लोग बीच रास्ते से वापस हो गए। जबकि इस तिरंगा यात्रा के आगे आगे एक पुलिस जीप चल रही थी और साथ में नवगछिया आदर्श थाना के थानाध्यक्ष और पुलिस बल तथा पीछे पीछे पुलिस जीप भी चल रही थी।
बताते चलें कि इस तिरंगा यात्रा के दौरान बारिश की संभावना को देखते हुए समय से कुछ मिनट पहले प्रारंभ हुई यह तिरंगा यात्रा नवगछिया स्टेशन गोलम्बर परिसर से निकल कर स्टेशन रोड, मालगोदाम चौक, दुर्गा स्थान चौक के रास्ते मेन रोड से आगे बढ़ रही थी। इस तिरंगा यात्रा को मारवाड़ी विवाह भवन के रास्ते अमर शहीद मुंसी पुस्तकालय तक जाना था। जहां इस यात्रा का समापन होना निश्चित था। वहीं जैसे ही यह तिरंगा यात्रा मारवाड़ी विवाह भवन के समीप पहुंचने वाली थी कि इसके कुछ दूर पहले ही बारिश शुरू हो गई। बारिश के शुरू होते ही इस तिरंगा यात्रा में शामिल नवगछिया जिला प्रभारी अभय वर्मन, जिलाध्यक्ष विनोद मंडल, जिला उपाध्यक्ष अजय सिंह कुशवाहा, जिला महामंत्री आलोक सिंह, जिला मंत्री मुकेश राणा, वाणिज्य प्रकोष्ठ के संयोजक मुरारी लाल चिरानिया, नगर अध्यक्ष कौशल जायसवाल, नगर उपाध्यक्ष अभिनंदन यादव, कार्यक्रम प्रभारी चंदन भगत सहित सभी नेता और कार्यकर्ता तिरंगा सहित सड़क के अगल बगल छुप गए। दस मिनट के बाद बारिश रुकने पर इस तिरंगा यात्रा में शामिल भाजपा के सभी पदाधिकारी एवं लोग बिना गन्तव्य स्थल तक पहुंचे बीच रास्ते से ही वापस भी हो लिये।