नवगछिया (भागलपुर)। एक तरफ जहां पूरा का पूरा देश लॉकडाउन है। इस लॉकडाउन के दौरान पुलिस द्वारा लोगों को अपने अपने घरों में लॉक रहने की हिदायत ही नहीं दी जाती है बल्कि सख्ती भी बरती जाती है। वहीं दूसरी तरफ बिहार के पुलिस जिला नवगछिया में अपराध है कि रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। अभी जबकि लॉकडाउन को महज दस दिन ही हुए हैं। इस दौरान पुलिस जिला नवगछिया में चोरी की दो वारदात के अलावा हत्या की तीन वारदातों को अपराधी अंजाम दे चुके हैं।
हत्या की ताजा घटना आज अहले सुबह की है। इस घटना को अपराधियों ने पुलिस जिला नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लतरा गांव में अंजाम दिया है। इस दौरान राजधर यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। जो तिनटंगा के अखिलेश यादव का रिश्तेदार बताया जा रहा है। यह अलग बात है कि घटना की जानकारी मिलते ही गोपालपुर सहित कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर लाश को कब्जे में किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेज दिया। वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रवेन्द्र भारती ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर आवश्यक छानबीन की और पुलिस कर्मियों को दिशा निर्देश भी दिया।
बताते चलें कि इस घटना से ठीक एक दिन पहले ही यानि शुक्रवार को इस थाने के पड़ोसी थाना क्षेत्र इस्माइलपुर में भी अपराधियों ने कमलाकुंड निवासी अजय यादव की बर्बरतापूर्ण तरीके से हाथ तोड़ने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी थी। इससे पहले अपराधियों ने नवगछिया आदर्श थाना क्षेत्र में 28 मार्च को दिन दहाड़े राजेन्द्र कॉलोनी में गुलशन कुमार को गोलियां मारी थी। जिसकी भी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं नवगछिया आदर्श थाना क्षेत्र में ही बीती रात अपराधियों ने विजय किराना स्टोर के दुकान के शटर का ताला काटकर डेढ़ लाख नकदी सहित लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के सामान चोरी कर लिया। जबकि नवगछिया नगर में ही इससे पहले मुख्य चौराहे के समीप से चंदा मामा दुकान के बाहर से बाइक की चोरी भी दिन दहाड़े हो गई थी।