ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

पश्चिम बंगाल में कोरोना से पहली मौत, छह संक्रमितों की हालत स्थिर


कोलकाता : देश में कोरोना की वजह से होने वाली मौत की सूची में अब पश्चिम बंगाल भी शामिल हो गया है। जहां सोमवार को कोलकाता में कोरोना वायरस से संक्रमित 57 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसी के साथ देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 8 हो गई। बंगाल में कोरोना से यह पहली मौत है। दूसरी ओर, कोरोना से संक्रमित बंगाल में जो छह अन्य मरीज भर्ती हैं उनमें सभी की हालत भी स्थिर बतायी जा रही है।

उत्तर 24 परगना जिले के दमदम इलाके के रहने वाले उक्त व्यक्ति को 16 मार्च को आमरी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तबीयत काफी बिगडऩे के बाद उन्हें 19 मार्च से वेंटिलेटर पर रखा गया था। शनिवार को उनके कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। सोमवार दोपहर कोरोना संक्रमित उस व्यक्ति की हर्ट अटैक से मौत हो गई। बताया गया कि शुरू से ही उनकी हालत बेहद गंभीर थी। मधुमेह सहित कई अन्य शारीरिक समस्याओं से भी वह ग्रसित थे। उनके संपर्क में आने वाले परिवार के सदस्य सहित आठ अन्य लोग भी पहले से कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती हैं।

अधिकारियों का कहना है कि मृतक के शरीर के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया सरकारी गाइडलाइन के मुताबिक की जाएगी। चूंकि मृत शरीर से किसी दूसरे में कोरोना नहीं फैले इसलिए पूरे बॉडी को पैकिंग कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि कोरोना पीडि़त व्यक्ति की मौत असल में हार्ट अटैक से हुई है। सीएम ने पुलिस आयुक्त को निर्देश दिया है कि उनकी अंत्येष्टि सही तरीके से हो ताकि और कोई संक्रमित न हो इसके लिए उपयुक्त कदम उठाए जाए। इससे पहले बाकी जो तीन अन्य कोरोना संक्रमित रोगी मिले थे वे सभी विदेश से लौटे थे। इनमें लंदन से लौटे एक 22 वर्षीय युवक के संपर्क में आकर उसके माता-पिता व नौकरानी में भी रविवार को कोरोना की पुष्टि हुई।