नारायणपुर (नवगछिया)/संवाददाता।
नवगछिया अनुमंडल के नारायणपुर प्रखंड में भवानीपुर सहायक थाना क्षेत्र अंतर्गत बलाहा गांव में गैस सिलेंडर से गैस लीक होने के कारण गैस एजेंसी के हॉकर सहित तीन लोग झुलस गए। जिसमें गृह स्वामिनी और उसका पुत्र भी शामिल है। तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना नारायणपुर के बलहा गांव स्थित वार्ड संख्या दस में रविवार को दोपहर बाद लगभग 2: 30 बजे की है। जहां इंडियन गैस एजेंसी के ग्रामीण वितरक नारायणपुर से लाए गैस सिलेंडर से गैस लीक होने पर दुरभाष से एजेंसी फोन कर जानकारी दी गई थी। मौके पर एजेंसी से आए हॉकर निरंजन यादव ने चेकअप करने को जैसे ही लाइटर जलाया कि पास में खड़ी स्व.राजेंद्र ठाकुर की पत्नी फुल कुमारी देवी और उसका पुत्र रेलकर्मी रविंन्द्र कुमार ठाकुर सहित हॉकर शाहपुर निवासी निरंजन यादव सभी गंभीर रूप से झुलस गए।
मौके पर मची अफरा तफरी के बीच आसपास के ग्रामीणों ने कंबल के माध्यम से आग पर काबु पाया। झुलसे तीनों लोगों को इलाज के लिए मधुरापुर बाजार के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया गया। जहां तीनों का प्राथमिक उपचार किया गया। डाक्टर ने गंभीर हालत देखते हुए झुलसे लोगों को बेहतर उपचार हेतु मायागंज रेफर कर दिया।