ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

आंधी और बारिश ने भागलपुर और सीमांचल में मचाई तबाही, 8 मरे


नव-बिहार न्यूज नेटवर्क (NNN), भागलपुर/ कटिहार। रविवार की सुबह आयी तेज आंधी के साथ बारिश ने भागलपुर के कुछ हिस्सों के साथ सीमांचल के अररिया, पूर्णिया और कटिहार में तबाही मचाई। इन जगहों पर आकाशीय बिजली, दीवार और पेड़ गिरने से आठ लोगों की जान चली गयी और खेतों में खड़ी फसल के साथ आम और लीची को व्यापक नुकसान पहुंचा। टिन व फूस के घरों के छप्पर उड़ गये और बिजली-व्यवस्था तहस-नहस हो गयी। 

भागलपुर जिले के रंगरा ओपी के ज्ञानीदास टोला तिनटंगा में आकाशीय बिजली गिरने से शिया देवी और उसके पोते नीतीश कुमार उर्फ नंदकिशोर रजक की मौत हो गयी। बारिश के समय दोनों गांव के बाहर सधुआ चापर दियारा में बासा पर सोये थे। दोनों का शरीर बुरी तरह झुलस गया था। रंगरा ओपी थानाध्यक्ष सुचित कुमार ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। इसी तरह गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुकटिया के पकरा टोला गांव में दीवार गिरने से पंकज मंडल की पत्नी जूली देवी सहित उसके डेढ़ वर्षीय बेटे की मौत घर की दीवार गिरने से हो गयी। जिसके शव को थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव ने पोस्टमार्टम के लिये नवगछिया स्थित अनुमंडलीय अस्पताल भेजा।

अररिया के फारबिसगंज में सिमराहा में आम का पेड़ घर पर गिरने से 65 वर्षीय देवकी देवी की दबकर मौत हो गयी जबकि पति सत्यनारायण साह और पुत्र रमेश कुमार साह घायल हो गये। वहीं किरकिचिया के कटहरा में आकाशीय बिजली गिरने से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गयी। मृतका लखन देवी रामजी मंडल की पत्नी थी।

रानीगंज के हांसा पंचायत के विशनपुर में ठनका से एक घर जलकर राख हो गया और छह बकरियों की मौत हो गयी। विशनपुर में ठनका की चपेट में आने से दो गाय भी मर गयी। वहीं पूर्णिया के कृत्यानंद नगर प्रखंड के चंपानगर में ठनका की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।  

कटिहार में आकाशीय बिजली गिरने से फलका के महेशपुर गांव में संतोष राय के घर आग लग गयी। इस दौरान तीन वर्षीय बालक विक्रम कुमार की मौत हो गयी। वहीं संतोष राय की पत्नी नन्हकी देवी (30) व पूजा कुमारी (6) झुलस गयीं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बाहर रेफर कर दिया गया।