ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

21 जनवरी: बिहार ने दुनिया को दिया नशाबंदी का संदेश

नव-बिहार न्यूज नेटवर्क। विश्व की सबसे लंबी मानव श्रृंखला बनाकर आज बिहार ने नया इतिहास रच दिया। इस शराब बन्दी के समर्थन में आयोजित मानव श्रृंखला का भव्य आयोजन लिम्का बुक ऑफ़ सीरीज में दर्ज़ किया जायेगा, ये कहना है लिम्का बुक ऑफ़ सीरीज के ऑथराइज्ड रिप्रेजेन्टेटिव नरेश चंद्र माथुर का।

पूरा बिहार शराबबंदी के समर्थन में एकजुट होकर खड़ा हुआ और पूरी दुनिया को नया संदेश दिया। शराबबंदी के समर्थन में पूरे बिहार की एकजुटता नजर आई। बिहार के इस एेतिहासिक पल की इसरो के उपग्रह ने तस्वीरें लीं और पूरी दुनिया को बिहार की एकजुटता दिखाई।

यह दिन बिहार के हर निवासी के लिए गर्व भरा दिन था। सुबह से ही पूरे बिहार में चहल-पहल देखी गई, सभी अपने प्रदेश के लिए एक दूसरे का हाथ थामकर मानव श्रृंखला के निर्माण के लिए आतुर दिखे। बिहार के लोगों ने आज खुद को खुशनसीब माना और इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का तहे दिल से शुक्रिया कहा कि उनके संकल्प को आज दुनिया ने भी देखा।

मानव श्रृंखला के लिए पूरे बिहार के दो करोड़ लोगों ने नशे के खिलाफ एक दूसरे का हाथ थामकर 11,292 किमी लंबी मानव शृंखला का निर्माण कर एक इतिहास रच दिया। इसके लिए लोग पूरे बिहार के कोने-कोने में इकट्ठा हुए थे। यह बिल्कुल अद्भुत नजारा था और इसका गवाह बना पूरा बिहार।

मुख्यमंत्री ने बिहार वासियों को दिया धन्यवाद

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूरे बिहारवासियों को मानव श्रृंखला में शामिल होने पर तहे दिल से शुक्रिया कहा है। उन्होंने धन्यवाद ज्ञापन जारी कर कहा है कि सबके सहयोग से ही यह संभव हो सका है। सबके सहयोग और शराबबंदी के समर्थन में लोगों का एेसा उत्साह देखकर अच्छा लगा। सबके सहयोग से ही बिहार में शराबबंदी को मजबूती मिलेगी।