ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया में हुआ प्रमुख पति पर गोलियों से जानलेवा हमला


नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत रंगरा सहायक थाना क्षेत्र के सधुआ चापर गांव निवासी सह रंगरा चौक प्रखंड की प्रमुख मंजू देवी के पति कारेलाल यादव पर रविवार की देर रात चंद हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां दाग उनकी जान लेने की कोशिश की। अपराधियों ने कारेलाल यादव को तब गोलियों से निशाना बनाया जब वे अपने रनसी टोला स्थित बासा पर मौजूद थे। अचानक चार-पांच की संख्या में हथियारबंद बदमाश पहुंचे और ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। बासा पर कारेलाल यादव के साथ कुछ और लोग भी थे। गोलियां चलते ही भगदड़ मच गई। आठ चक्र गोलियां दागी गई थी जिसमें एक गोली कारेलाल यादव के पेट और पंजरे को चीरती हुई बाहर निकल गई। गोलियां की तड़तड़ाहट से इलाका थर्रा गया। कुछ ही देर में घटनास्थल पर काफी भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में जख्मी कारेलाल को लेकर नवगछिया अस्पताल ले जाया गया जहां से बेहतर उपचार के लिए उन्हें जवाहर लाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों ने उनकी हालत स्थिर बताई है। घटना को लेकर इलाके में तनाव कायम हो गया है। हमलावरों की पहचान कारेलाल यादव ने कर ली है। चापर इलाके का कुख्यात भक्ता मंडल का नाम हमलावरों में आया है। भक्ता मंडल अपने हथियारबंद साथियों के साथ मौके पर पहुंचा था। बता दें कि कारेलाल यादव कुख्यात मोती यादव के पिता हैं। मोती यादव हाल में जेल से मुक्त हुआ है।हमलावर मोती यादव के बासा पर होने की सूचना पर पहुंचे थे
प्रारंभिक तफ्तीश में यह बात क्षण कर आ रही है कि मोती यादव को ठिकाने लगाने के लिए भक्ता मंडल अपने गिरोह के साथियों के साथ उसके बासा पर पहुंचा था। मोती का सधुआ चापर इलाके में अच्छा खासा दबदबा है। उसके इस दबदबे से भक्ता मंडल गिरोह को इलाके में अपराध करने में परेशानी हुआ करती है। मोती यादव अपने वर्चस्व वाले इलाके में दूसरे अपराधी या उसके गिरोह को किसी भी सूरत में हस्तक्षेप या दखल देखना पसंद नहीं करता है। ऐसी चर्चा है कि भक्ता मंडल और उसके गिरोह को इस बात की पक्की सूचना थी कि मोती यादव अपने कुछ साथियों के साथ बासा पर मौजूद है। हमला शायद उसी सूचना पर हुआ बताया जा रहा है। मोती यादव इस हमले से बौखला कर बदले की कार्रवाई कर सकता है इस बात का कयास दियारा इलाके में लगाया जाने लगा है।
जख्मी कारेलाल को देखने उमड़ी भीड़
अस्पताल परिसर में जख्मी कारेलाल यादव को देखने नेताओं समेत इलाकाई लोगों की भारी भीड़ देर रात मायागंज अस्पताल में लग गई। नवगछिया से विनोद यादव समेत कई नेता लाव लश्कर के साथ जख्मी प्रखंड प्रमुख पति का हाल जानने पहुंचे थे। स्थानीय मायागंज में भी काफी संख्या में लोग पहुंचे थे। उधर एसडपीओ मुकुल कुमार रंजन ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ली। गत जून में हुई भोला मंडल की हत्या मामले में मोती ने विधानसभा चुनाव के बाद कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। मोती यादव पर विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। सधुआ चापर इलाके में कुख्यात मोती व भकता मंडल के बीच वर्चस्व की लड़ाई चलती रही है। एसडपीओ व थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जल्द ही उद्भेदन होगा।