ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

जीबी कालेज को नैक से मिला बी ग्रेड

 यूजीसी द्वारा कराए गए नैक के मूल्यांकन में टीएनबी लॉ कॉलेज और जीबी कॉलेज नवगछिया को 'बी' ग्रेड मिला। इसके साथ ही जीबी कॉलेज मुख्यालय के बाहर नैक मूल्यांकन कराने वाला पहला कॉलेज बन गया। इधर लॉ कॉलेज को 'बी' ग्रेड मिलने से कॉलेज प्रशासन में निराशा है।

टीएनबी लॉ कॉलेज में आठ जनवरी को नैक मूल्यांकन के लिए टीम आई थी। टीम ने कॉलेज के मूट कोर्ट को काफी बेहतर बताया था। किंतु उन्होंने शिक्षकों की कमी, लाइब्रेरी, कैंटीन आदि की स्थिति ठीक करने को कहा था। खेल मैदान और हॉस्टल नहीं होने पर भी चिंता जताई थी। सूत्रों की मानें तो कॉलेज प्रशासन को यह उम्मीद कतई नहीं थी कि उन्हें 'बी' ग्रेड मिलेगा।

कॉलेज के एक शिक्षक ने बताया कि बिहार में टीएनबी लॉ कॉलेज एक व्यवस्थित कॉलेज है। यहां की तरह और किसी भी लॉ कॉलेज में सुविधाएं नहीं है। उन्होंने कहा नैक के लिए की गई सारी तैयारी पानी में चली गई। इधर, जीबी कॉलेज नवगछिया में 10 दिसंबर को नैक टीम आई थी। टीम ने दो दिन कॉलेज का मूल्यांकन किया था। मूल्यांकन के समय प्रति-कुलपति डॉ. एके राय, सीसीडीसी अरुण कुमार मिश्रा, प्राचार्य डॉ. जनार्दन शर्मा मौजूद थे।

सीसीडीसी अरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि वे 2008 से 2013 तक कॉलेज के प्राचार्य थे। उसी समय उन्होंने नैक मूल्यांकन के लिए एलओआई भेजा था। उन्होंने अशोक कुमार झा को को-ऑर्डिनेटर बनाया था। इसके बाद वर्तमान प्राचार्य डॉ. जनार्दन शर्मा ने कॉलेज के मूल्यांकन के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि जीबी कॉलेज नवगछिया मुख्यालय के बाहर पहला ऐसा अंगीभूत कॉलेज है। जिसकी नैक ग्रेडिंग में 'बी' ग्रेड प्राप्त हुआ है। प्रतिकुलपति - डॉ. अवध किशोर राय का कहना है कि टीएनबी लॉ कॉलेज और जीबी कॉलेज के प्रशासनिक टीम को बहुत बधाई। नैक से मूल्यांकन होने से कॉलेजों में विकास कार्य में और तेजी आएगी।

उधर, प्राचार्य डॉ. सुधांशु कुमार पांडेय का कहना है कि कॉलेज में जिस प्रकार की तैयार हुई उससे लग रहा था कि कॉलेज को 'ए' ग्रेड मिलेगा। कॉलेज की सारी व्यवस्था से टीम संतुष्ट थी। फिर भी उनकी तरफ से जो मिला स्वीकार्य है।