ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नोबेल पुरस्कार समारोह में मलाला ने मोदी-शरीफ को किया आमंत्रित


नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मलाला युसूफजई ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को नोबल पुरस्कार समारोह में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया है। साथ ही उन्होंने इस पुरस्कार को दुनियाभर के मूक बच्चों को समर्पित किया।
मलाला ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने माननीय नरेंद्र मोदी और नवाज शरीफ को इस समारोह में आने का निमंत्रण दिया है। वह चाहती हैं कि दोनों देश के प्रधानमंत्री इस महत्वपूर्ण अवसर पर उनके साथ मौजूद रहें। उन्होंने कहा कि सत्यार्थी से विचार-विमर्श के बाद उन्होंने उच्चस्तरीय नेताओं को आमंत्रण देने का फैसला किया।
वहीं 17 वर्षीय मलाला ने नोबल शांति पुरस्कार को दुनियाभर के मूक बच्चों को समर्पित किया है। मलाला ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह पुरस्कार उन सभी बच्चों के लिए है, जो मूक हैं, लेकिन उनकी आवाज सबतक पहुंचने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि यह पुरस्कार उनके लिए एक धातु का टुकड़ा नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास और साहस का पुरस्कार है। मलाला ने कहा कि आगे बढ़ने के लिए यह हमेशा उनके काम आएगा।
मिंगोरा की गलियों में उत्सव का माहौलमलाला यूसुफजई को शांति का नोबल पुरस्कार मिलने पर पाकिस्तान की अस्थिर स्वात घाटी के मुख्य इलाके मिंगोरा में उत्सव का माहौल है। खबरों के मुताबिक, लोग एक-दूसरे को बधाइयां दे रहे हैं और मिठाई बांटी जा रही हैं। इस इलाके में स्थित खुशहाल पब्लिक स्कूल के बच्चों ने शुक्रवार को पूरे दिन खुशी मनाई और जमकर नाच किया।
यह स्कूल मलाला के पिता का है। 2012 में मलाला इस स्कूल में ही पढ़ती थीं। मलाला को 2013 में भी नोबेल के लिए नामित किया गया था लेकिन उन्हें कम उम्र की मानते हुए ज्यूरी ने उनका चयन नहीं किया था।