पड़ोसी देश नेपाल द्वारा कोसी नदी में छोड़े जा रहे अप्रत्याशित पानी की वजह से भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल में व्यापक बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। इस संभावित अप्रत्याशित बाढ़ के खतरे से निपटने को लेकर
भागलपुर जिला प्रशासन और नवगछिया अनुमंडल प्रशासन ने लगभग तैयारी पूरी कर ली है। जिसे लेकर प्रशासन के स्तर पर जगह जगह ग्रामीणों के लिये बाढ़ राहत शिविर बनाया गया है।
जिला प्रशासन की इस तैयारी के दूसरे दिन सोमवार को भी भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ0 वीरेंद्र प्रसाद यादव ने कई राहत शिविरों का जायजा लिया। जिनके साथ एडीएम डॉ0 श्यामल किशोर पाठक और अनुमंडल पदाधिकारी ई0 अखिलेश कुमार भी थे।
जानकारी के अनुसार सभी राहत शिविरों में कम से कम पाँच शौचालयों के निर्माण, दो दो चापाकल लगाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर अत्यधिक साधन भी लगाए जाने का निर्देश दिया गया। प्रत्येक राहत शिविर मे आवश्यक दवा के अलावा साँप काटने की दवा के साथ मेडिकल टीम को तैनात किया जा रहा है। वहीं चूड़ा, गुड, मोमबत्ती की व्यवस्था कर ली गयी है। इसके अलावा जिला प्रशासन द्वारा भेजी राहत सामग्री में से नवगछिया को दस टेंट, दो मोटर बोट, एक महाजाल, पाँच लाइफ जैकेट तथा एक इमरजेंसी लाइट उपलब्ध करा दी गयी है। साथ ही खरीक, बिहपुर और गोपालपुर को पाँच-पाँच टेंट, खरीक और बिहपुर को एक एक मोटर बोट, पाँच पाँच लाइफ जैकेट, गोपालपुर को दो मोटर बोट तथा दस लाइफ जैकेट उपलब्ध कराये गये हैं।
