लोकसभा में गुरुवार की सुबह 11 बजे देश का आम बजट शुरू होते ही नवगछिया बाजार में भी जगह जगह आम लोग टीवी से चिपकते नजर आये। जिसके पीछे प्रायः हर लोगों की यह उत्सुकता बनी थी कि मोदी सरकार द्वारा घोषित अच्छे दिन आयेंगे तो उसकी शुरुआत किस तरह से होगी।
संसद में वित्त मंत्री अरुण जेटली द्वारा ठीक 11 बजे आम बजट पेश होना शुरू हुआ। बजट भाषण शुरू होते ही कुछ लोग कह रहे थे कि खुल गया मोदी सरकार का पिटारा, अब आयेंगे अच्छे दिन। तो कोई कह रहा था कि इस बार तो जेटली की पोटली खुलेगी ।
टीवी स्क्रीन पर फायदे की खबर और किसी सामान के सस्ता होने की खबर से लोगों में जहां खुशी छा रही थी। वहीं किसी भी सामान के महंगे होने की खबर के साथ मायूसी भी छा जाती थी। इसी बीच बिजली के गुल होते ही कहने लगे बेकार हो गया बजट का समय। चलो अब कल अखबार में ही पढ़ लेंगे।
