ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

साईं पूजा: केंद्रीय मंत्री पर भड़के शंकराचार्य बोले उमा से नाराज हैं भगवान राम


शिर्डी के साईं बाबा की भक्ति को लेकर भक्तों और शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती के बीच विवाद गहरा गया है। साईं बाबा की पूजा के समर्थन में आई केंद्रीय मंत्री उमा भारती के बयान पर शंकराचार्य भड़क गए। उन्होंने कहा, 'उमा भारती से भगवान राम नाराज हैं। क्योंकि वे साईं की पूजा करती हैं।' इस विवाद के बीच रविवार को हरिद्वार में संतों की बैठक हुई। बताया जाता है कि इसमें उमा भारती को कैबिनेट में मंत्री पद से बर्खास्त करने की मांग उठी। वहीं, शंकराचार्य के विरोध में साई भक्तों ने हरिद्वार में साईं प्रतिमा के साथ गंगा में डुबकी लगाई। शिर्डी में साईं बाबा के मुस्लिम भक्तों ने रैली भी निकाली। विवाद शनिवार को बढ़ा था। उमा भारती ने साईं पूजा को गलत बताने के द्वारका पीठ के शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती के बयान पर असहमति जताई। 
 
उन्होंने खुद को साईं भक्त बताते हुए कहा था, 'साईं बाबा ने कब घोषित किया था कि मैं भगवान हूं।' इस पर शंकराचार्य ने कहा, 'उमा भारती राम भक्त नहीं हैं। वे साईं की पूजा करती हैं। सार्इं हिंदू नहीं थे। राम मंदिर अभियान में उमा भारती की विफलता की वजह उनकी साईं भक्ति है। भगवान राम उनसे नाराज हैं। उमा भारती को जनता ने शासक के रूप में चुना है। उन्हें धर्म के मामले में नहीं पडऩा चाहिए। उमा भारती मंत्री हैं, कोई भगवान नहीं।

उमा ने शंकराचार्य को लिखा पत्र

झांसी में उमा भारती ने कहा कि शंकराचार्य उनके लिए पिता के समान हैं। इसलिए विवाद नहीं बढ़ाना चाहतीं। हालांकि, उन्होंने शंकराचार्य को पत्र लिख कहा कि साईं बाबा ने कभी नहीं कहा कि वे भगवान हैं। उनके भक्तों ने भी कभी मांग नहीं की कि उन्हें 25वां अवतार घोषित किया जाए।