वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के पूर्व सिंहासन का सेमीफाइनल माने जा रहे पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के परिणाम रविवार को आने शुरू हो गए। शाम तक के परिणामों से साफ हो गया कि भाजपा मध्य प्रदेश में सत्ता में फिर वापसी कर रही है और उसने राजस्थान से कांग्रेस को बाहर कर दिया है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) की शानदार शुरुआत हुई है और सत्तारूढ़ कांग्रेस तीसरे नंबर पर चली गई। भाजपा बहुमत के करीब है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर चल रही है। कुल मिलाकर कांग्रेस की नैया इन चुनावों में डूब गई है और चारों राज्यों में कमल खिलता दिख रहा है।
आप की लहर में डूबी कांग्रेस
70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जीत की ओर बढ़ती नजर आ रही है, जबकि नवगठित आम आदमी पार्टी (आप) चुनावी दौड़ में भाजपा को लगातार टक्कर दे रही है। चुनाव परिणाम के रुझान में कांग्रेस की हार और नई दिल्ली सीट से अपनी हार के बाद मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने राज्यपाल नजीब जंग को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। ताजा परिणाम के मुताबिक भाजपा प्लस 32 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है जबकि कांग्रेस सात सीटों पर जीत चुकी है। आम आदमी पार्टी (आप) को अभी तक 28 सीटों पर जीत मिल चुकी है। अन्य के खाते में 2 सीटें गईं।
हैट्रिक की ओर शिवराज सरकार
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के तहत मतगणना में सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब तक घोषित नतीजों और बढ़त के आधार पर लगातार तीसरी जीत दर्ज करने की तैयारी में है। भाजपा जहां 116 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है, वहीं कांग्रेस 38 स्थानों पर जीत दर्ज कर चुकी है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी जयदीप गोविंद ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए बताया कि राज्य में मतगणना का दौर जारी है।
राजस्थान में भारी जीत की ओर भाजपा
राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को हो रही मतगणना के रुझानों से धीरे-धीरे साफ हो गया है कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भारी जीत की ओर बढ़ रही है। भाजपा सूत्रों ने बताया कि पहले से पार्टी ने शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी शुरू कर दी है। वसुधंरा राजे राज्य की मुख्यमंत्री होंगी। खबर लिखे जाने तक 199 विधानसभा क्षेत्रों में से भाजपा के 161 उम्मीदवारों को विजयी घोषित किया जा चुका है, जबकि सत्तारूढ़ कांग्रेस को 19 सीटों पर जीत हासिल हुई है। अन्य उम्मीदवारों के खाते में अभी तक 15 सीटें जा चुकी हैं।
छत्तीसगढ़ में भाजपा-कांग्रेस में कड़ी टक्कर
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के तहत रविवार को जारी मतगणना में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर चल रही है। ताजा रुझान के मुताबिक 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा 28 सीटों पर जीत चुकी है जबकि कांग्रेस को अब तक 25 सीटों पर जीत हासिल हुई है। अन्य के खाते में अभी तक चार सीटें गई हैं। वर्ष 2003 से ही सत्ता में रहने वाली भाजपा के नेताओं ने कहा कि उन्हें उम्मीद उनकी पार्टी तीसरी बार सरकार बनाएगी।
.jpg)