ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

दिल्ली में पांच बजे तक लगभग 62 प्रतिशत मतदान


दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर चुनाव के लिए बुधवार को पांच बजे तक करीब 62 प्रतिशत मतदान की खबर है। चुनाव में कांग्रेस को भाजपा से कड़े मुकाबले का सामना करना पड़ रहा है, जबकि आप मुकाबले को त्रिकोणीय बना रही है।
दिल्ली चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि दोपहर बाद तीन बजे तक 48 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया और पांच बजे तक 62 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया। अभी तक मतदान शांतिपूर्ण रहा और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
आज सुबह सबसे पहले मतदान करने वालों में उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हर्षवर्धन, आप के संयोजक अरविन्द केजरीवाल शामिल हैं।
दिल्ली चुनाव में सत्तारूढ़ कांग्रेस को विपक्षी भाजपा से कड़े मुकबले का सामना करना पड़ रहा है, जबकि चुनाव मैदान में पहली बार उतरे नए दल आम आदमी पार्टी ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।
अपने राजनीतिक जीवन के सबसे कड़े मुकाबले का सामना कर रही शीला दीक्षित ने कहा कि वह भी चुनाव के नतीजों की प्रतीक्षा कर रही हैं। मूल्यवृद्धि एवं सत्ता विरोध को मुख्य मुद्दा माना जा रहा है जिससे कांग्रेस को परेशानी हो सकती है। कांग्रेस पिछले 15 साल से राष्ट्रीय राजधानी में सत्ता पर काबिज है।
निर्माण भवन मतदान केन्द्र पर मतदान करने के बाद सोनिया ने विश्वास जताया कि उनकी पार्टी चुनाव जीतेगी। चुनावी संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर सोनिया ने मुस्कराते हुए कहा कि हम जीतेंगे।    
दिल्ली में तीन बार मुख्यमंत्री रहीं शीला दीक्षित चौथी बार भी बाजी अपनी ओर करना चाह रही हैं। प्रचार के दौरान शीला ने जमकर अपनी उपलब्धियां गिनायीं और विकास का एजेंडा बताया। दूसरी ओर भाजपा प्रदेश में अपने लंबे वनवास को खत्म करने की कोशिश में है। पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हर्षवर्धन ने वादा किया है कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो 30 दिन के अंदर बिजली की दर में 30 फीसदी की कटौती की जाएगी और सब्जियों के दाम कम किए जाएंगे।
    
भाजपा ने दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के साथ साथ एक साल में प्रत्येक घर को सब्सिडी वाले 12 सिलिंडर देने का भी वादा किया है, जबकि वर्तमान में ऐसे 9 सिलिंडर दिए जाते हैं। इसके अलावा पार्टी ने महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उनके लिए एक समर्पित महिला सुरक्षा बल गठित करने का भी वादा किया है।
    
अपने घोषणापत्र में कांग्रेस ने एक सिंगल कमांड सिस्टम की स्थापना का वादा किया है, ताकि अधिकारियों से जुड़ी कई तरह की समस्याओं का समाधान एक ही जगह हो सके। साथ ही पार्टी ने दिल्ली की अवसंरचना पर दबाव कम करने के उद्देश्य से पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए एक साक्षा आर्थिक क्षेत्र स्थापित करने का भी दावा दिया है। यातायात की समस्या दूर करने के लिए कांग्रेस के घोषणापत्र में डबल डेकर फ्लाईओवर के निर्माण की भी बात है।
    
आप का कहना है कि वह सत्ता में आई तो 15 दिन के अंदर जन लोकपाल विधेयक पारित करेगी। इसके अलावा उसने बिजली की दर में 50 फीसदी की कटौती करने का वादा भी किया है। पहली बार चुनाव मैदान में उतरी इस नयी नवेली पार्टी का यह भी कहना है कि अगर वह सत्ता में आई तो प्रत्येक घर को हर दिन 700 लीटर पानी मुफ्त मिलेगा।