नवगछिया अनुमंडल के गोपालपुर प्रखण्ड के सैदपुर सहित कई गांव में बाढ़ को लेकर पिछले एक पखवारे से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी । बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने के बावजूद लोगों ने मंगलवार को सैदपुर गांव के बीएसएनएल टावर के पास गोला चौक पर सैदपुर तिनटंगा नवगछिया 14 नंबर सड़क जाम कर यातायात बाधित कर सड़क पर उतर गए। प्रदर्शनकारी सरकार एवं अधिकारियों के विरोध में नारेबाजी करने लगे।
जाम की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने इसकी जानकारी एसपी, डीएसपी, एसडीपीओ एवं सीओ को दी। जाम देखते ही देखते इतना बड़ा हो गया कि गाड़ियों की लंबी कतार लग गई।
एसडीओ नवगछिया अखिलेश कुमार, प्रभारी सीओ देवेंद्र झा ने जाम स्थल पर पहुंचकर राहत सामग्री वितरण करने का आश्वासन दिया। जाम स्थल पर बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता पवन कुमार पहुंचे। उनके सामने लोगों ने अपनी मांगें रखी। कार्यपालक अभियंता ने बताया कि तत्काल बिजली प्रारंभ करने का आदेश सहायक को दे दिया गया है। सहायक अभियंता ने कहा कि बाढ़ का पानी गंगा प्रसाद धार में जमा है। वहां से गुजर रहे हाई टेंशन के तार से खतरा होने का अनुमान है। इसलिए इससे बिजली काट दी गई थी। एसडीओं के सामने उन्होंने बिजली प्रारंभ करने की बात कही।
इस मौके पर सैदपुर के भाजपा नेता गुलाब सिंह ,युवा राजद नेता प्रवीण कुमार सिंह, कांग्रेस नेता शंकर सिंह अशोक ,विधायक प्रतिनिधि अशोक दादा , उच्चन्यायालय अधिवक्ता मुकेश कुमार कांग्रेस के गोपालपुर प्रखंड अध्यक्ष निशित प्रसाद सिंह , किसान नेता सुमन कुमार सिंह , सामाजिक कार्यकर्ता किरण कुमार, राजेश कुमार, मुरारी कुमार गोपाल सिंह कौशिक कुमार तथा अन्य सैंकड़ो ग्रामीण उपस्थित थे! ​