ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

बिहार : मिड डे मील की खिचड़ी ने ली 20 बच्चों की जान, 60 बीमार

मृत बच्चों के परिजनों को दो-दो लाख मुआवजा देने की घोषणा
 सरकारी स्कूलों में बच्चों को मुफ्त मिलने वाला मिड-डे मील बिहार के सारण जिले में मंगलवार को जहर साबित हुआ। मिड-डे मील के खाने से 20 बच्चों की मौत हो गई है। 60अन्य बच्चे बीमार हैं, जिनमें से
कुछ का इलाज छपरा सदर अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि 30 से 35 बच्चों की हालत ज्यादा गंभीर है और इन सबको पटना मेडिकल कॉलेज ऐंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है। राज्य सरकार ने इस घटना की उच्चस्तरीय जांच का आदेश और मृत बच्चों के परिजनों को दो-दो लाख मुआवजा देने की घोषणा की है।
घटना मशरक ब्लॉक के जजौली प्राइमरी स्कूल की है। जानकारी के अनुसार, स्कूल में खाना खाने के कुछ देर बाद से कई बच्चे उल्टी करने लगे। जब बच्चों की स्थिति बिगड़ने लगी तो उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया। यहां दो बच्चों की मौत और अन्य की हालत बिगड़ती देख सभी को छपरा सदर अस्पताल भेज दिया गया। बच्चों का इलाज कर रहे डॉक्टर ने बताया कि पीड़ित बच्चों में जो लक्षण दिख रहे हैं, उससे लगता है कि कीटनाशक मिले भोजन से बच्चों की मौत हुई है।
बिहार के मानव संसाधन मंत्री पी.के. शाही ने घटना स्थल का दौरा करने के बाद 20 बच्चों के मारे जाने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि खाने में कोई जहरीला पदार्थ था, लेकिन खाने में वो कैसे मिला इसकी जांच चल रही है। डीएम अभिजीत सिन्हा ने बताया कि पकाए गए भोजन को सीज कर लिया गया है। इसकी जांच के लिए पटना से टीम भेजी गई है।

मंगलवार की रात गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया। लोगों को समझाने गई पुलिस पर भी बोतलें फेंकी गईं। पीड़ित बच्चों के परिवार वालों का कहना था कि प्रशासन कुछ देर पहले सचेत हुई होती तो और बच्चों को बचाया जा सकता था। जिस वक्त मशरक में बच्चे जीवन व मौत से जूझ रहे थे उस वक्त अगर डॉक्टरों की टीम छपरा से मशरक पहुंच गई होती तो इतने बच्चों की जान नहीं जाती।
इस घटना के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बीजेपी के निशाने पर हैं। बीजेपी नेता गिराराज सिंह ने नीतीश कुमार से इस मामले में इस्तीफा मांगा है। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने कहा कि इसके लिए पूरी तरह से नीतीश कुमार जिम्मेदार हैं। इस सरकार की वजह से ही मिड डे मील में सड़े-गले अनाज और सब्जियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
इस बीच बीजेपी और आरजेडी ने बुधवार को छपरा बंद का आह्वान किया है। पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी बुधवार को स्कूल का मुआयना करेंगे और बीमार बच्चों से मिलेंगे। आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद के अनुसार उनकी पार्टी ने अपने स्तर से भी छपरा बंद किया है।