ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

अशोक चौधरी बने बिहार कांग्रेस के नए अध्यक्ष

कांग्रेस ने आज राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले युवा दलित नेता अशोक चौधरी को बिहार प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। बिहार प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष की नियुक्ति पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी की करारी शिकस्त के बाद इस पद से महबूब अली कैसर के इस्तीफा देने के ढाई वर्ष बाद हुई है।
बिहार कांग्रेस के नए अध्यक्ष अशोक चौधरी को प्रदेश प्रतिनिधि गोपालपुर के शीतल प्रसाद सिंह निषाद, शीला देवी निषाद, नवगछिया प्रखण्ड अध्यक्ष शोभानन्द झा के अलावा सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बधाइयाँ और शुभकामनायें दी हैं | इस मौके पर शीतल प्रसाद सिंह निषाद ने अपने निवास पर कांग्रेसियों के बीच मिठाई भी बांटी |
शीतल प्रसाद सिंह निषाद के अनुसार पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अशोक चौधरी को पार्टी की बिहार इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। 43 वर्षीय चौधरी बिहार में साल 2000-2005 के दौरान राजद-कांग्रेस गठबंधन सरकार में गृह ( कारा ) मंत्री थे। वह ‘महादलित’ हैं। महादलित दलितों का एक उपसमूह है जिसे बिहार में सत्तारुढ़ जद (यू) लुभाने की कोशिश कर रही है।
बिहार में साल 2010 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी शिकस्त के बाद कैसर ने इस्तीफा दे दिया था। साल 2010 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मात्र चार सीटें मिली थीं जबकि 2005 में उसे नौ सीटें मिली थीं। पद से इस्तीफा देने के बावजूद पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें उनका उत्तराधिकारी नियुक्त किए जाने तक पद पर बने रहने को कहा था। इसके बाद से पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर अटकलें जारी थीं।
नए अध्यक्ष श्री चौधरी बरबीघा से विधायक रहे हैं। इस सीट का कभी उनके पिता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महावीर चौधरी ने प्रतिनिधित्व किया था। महावीर चौधरी नौ बार विधायक रहे थे और कांग्रेस जब राज्य में सत्ता में थी तो वह कई बार राज्य सरकार में मंत्री रहे। मंडल और मंदिर की राजनीति के बाद राज्य में पार्टी पूरी तरह हाशिए पर है। चौधरी की नियुक्ति इस बात का स्पष्ट संकेत है कि राहुल गांधी बिहार में दीर्घकालिक समाधान चाहते हैं।