ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

खुशखबरी : खरीक के चोरहर घाट पर बनेगा 24.6 करोड़ का पक्का पुल

नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत खरीक प्रखंड के चोरहर घाट व सन्हौला-हनवारा पथ पर गेरूआ नदी पर बनने वाले आरसीसी पुल की अनुमति बिहार सरकार ने मंगलवार को दे दी है। इसका टेंडर पूर्व में ही हो गया था, कैबिनेट की मुहर लगनी बाकी थी। मंगलवार को मंत्रीपरिषद की बैठक में दोनों पुलों को बनाने की हरी झंडी दे दी गई।
कोसी नदी के चोरहर घाट पर 24 करोड़ 60 हजार व गेरूआ नदी पर 22 करोड़ 96 लाख की राशि से आरसीसी पुल का निर्माण होगा।
दोनों पुलों को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व सांसद शाहनवाज हुसैन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी एवं पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने पुल निर्माण को लेकर भरोसा दिलाया था। पुल निर्माण की कैबिनेट की मंजूरी मिलने की खबर के बाद दोनों ही क्षेत्रों के लोगों के बीच खुशी की लहर है।
सांसद शाहनवाज हुसैन ने बताया कि लोकसभा व विधानसभा चुनाव के पूर्व जनता को पुल बनवाने का भरोसा दिलाया था। चोरहर घाट पर पुल के बनने से भवनपुरा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को काफी लाभ होगा। इस क्षेत्र के लोग सीधे नवगछिया और भागलपुर से जुड़ जाएँगे | आवश्यक कार्यों में नदी अब बाधक नहीं रहेगी | जिसका फायदा किसानों और छात्रों को सबसे ज्यादा मिलेगा | साथ ही  आम लोग की प्रशासन तक पहुँच भी आसान हो जाएगी |
वहीं सन्हौला-हनवारा पथ पर गेरूआ नदी पर पुल बनने से सन्हौला प्रखंड एक हो जाएगा। नदी पर पुल नहीं रहने की वजह से प्रखंड अभी दो भागों में विभक्त है। साथ ही यहां पुल बनने से भागलपुर सीधे गोड्डा जिले से जुड़ जाएगा। सड़क महागामा प्रखंड को जोड़ेगा। इस पुल की मांग यहां के लोग 50 वर्षो से करते आ रहे हैं। सांसद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी एवं पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि चोरहर घाट पर पुल बनवाने के लिए बिहपुर के भाजपा विधायक ई शैलेन्द्र भी लगे हुए थे।