ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

पाकिस्‍तान के फैन हुए मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार

भले ही भारत के लोग पाकिस्‍तान को अपना दुश्‍मन देश मानते हों लेकिन अपनी एक सप्‍ताह की पाक यात्रा के बाद बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार पा‍क के फैन हो गये हैं। उनका कहना है कि पाक यात्रा के दौरान उन्‍हें जो स्‍नेह और सम्‍मान मिला है उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता है। उन्‍होने बताया कि पाकिस्‍तान के लोगों में भारत के प्रति सदभावना है और वो हमारे साथ अच्‍छे संबंधों के पक्षधर हैं।
अपनी यात्रा का जिक्र करते हुए उन्‍होने कहा कि जब मैनें
गवर्नमेंट कालेज यूनिवर्सिटी, लाहौर में दोनों देशों के बीच आपसी दुश्‍मनी भुलाकर गरीबी और भूख को मिटाने की बात कही तो प्रोफेसर, बुद्धजीवियों और छात्रों ने तालियां बजाकर इसका समर्थन किया। नीतीश ने कहा कि पाकिस्‍तान के लोग बिहार के सुशासन, सामाजिक परिवर्तन और ग्रामीण सशक्तिकरण के बारे में जानना चाहते हैं। बिहार के मुख्‍यमंत्री ने पाकिस्‍तान के सिंध और पंजाब प्रांत के मुख्‍यमंत्रियों को भारत आने का निमंत्रण भी दे दिया है।
पाकिस्‍तान की तारीफ करते हुए उन्‍होने कहा कि वहां मोहनजोदाड़ो में पुरातात्विक अवशेषों का संरक्षण बेहतर ढंग से किया गया है। नीतीश ने कहा कि मैंने अपनी यात्रा में वहां की लोकतंत्र समर्थक पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी, मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट (एमक्यूएम), तहरीक ए इंसाफ और पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) पार्टी के नेताओं से मुलाकात की।
उन्‍होने बताया कि मैं पाकिस्‍तान की यात्रा करने वाला दूसरा मुख्‍यमंत्री हूं। मैंने पाक राष्‍ट्रपति आसिफ अली जरदारी, पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ, तहरीक ए इंसाफ पार्टी के प्रमुख इमरान खान से मुलाकात की जो कि मेरे लिए यादगार हैं। मैंने पाकिस्‍तान में पोलियो के उन्‍मूलन के अभियान पर भी बात की। नीतीश कुमार 9 से 16 नवंबर तक पाकिस्‍तान की यात्रा पर थे। बिहार वापस लौटने पर जेपी नारायण हवाई अड्डे पर उनका उपमुख्‍यमंत्री सुशील कुमार मोदी, जद(यू) और भाजपा नेताओं ने भव्‍य स्‍वागत किया।