भागलपुर में पांच दिनों बाद भारतीय पोस्टल आर्डर (आइपीओ) व डाक टिकट की प्रधान डाकघर को मुख्यालय से आपूर्ति कर दी गई। आइपीओ व डाक टिकट को लेकर मंगलवार को रेलवे भर्ती बोर्ड का फॉर्म भरने वाले छात्रों द्वारा डाकघर में उग्र प्रदर्शन व सड़क जाम की घटनाओं को देखते हुए डाकघर प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में गुरुवार से आइपीओ व डाक टिकट की बिक्री करने का निर्णय लिया है।
प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर जयकृष्ण रजक के अनुसार देर शाम आपूर्ति होने के कारण बुधवार से आइपीओ व डाक टिकट की बिक्री संभव नहीं था। गुरुवार से बिक्री की जाएगी। मांगों के अनुपात में काफी संख्या में आपूर्ति की गई है। 85 हजार की जगह महज 20 हजार (एक, दो, पांच व सात रुपये के पांच-पांच हजार) आइपीओ तथा 20 लाख की जगह 9 लाख डाक टिकटों की आपूर्ति की गई है। फॉर्म भरने वाले छात्रों की संख्या के अनुपात में काफी कम आपूर्ति होने के कारण आइपीओ व डाक टिकट जल्द खत्म हो जाएगा। सीमित मात्रा में सभी छात्रों को आपूर्ति करना संभव नहीं होगा। नहीं मिलने पर छात्र फिर हंगामा कर सकते हैं। मंगलवार को छात्रों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में आइपीओ व डाक टिकट बंटवाने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक को आवेदन दिया गया है। तिलकामांझी थानाध्यक्ष को भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवेदन दिया गया है।