कटिहार जिला के बरारी में बिजली के चरमराई व्यवस्था के विरोध में एक दिवसीय भूख हड़ताल करने की धमकी स्थानीय बीस सूत्री उपाध्यक्ष चन्द्रमोहन सिंह सहित कई उपभोक्ताओं ने दी है। इस आशय का एक ज्ञापन भी बीडीओ को सौंपा गया है। इस संबंध में प्रखंड कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि बरारी के पश्चिमी भाग के अधिकांश इलाकों में नवगछिया ग्रीड व कुर्सेला सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति करायी जाती है, लेकिन संबंधित विभाग के अधिकारी के मनमाने रवैया के कारण बरारी के साथ बिजली आपूर्ति में सौतेलापूर्ण व्यवहार किया जाता है। उन्होंने कहा कि अगर एक सप्ताह के भीतर इसमें पूरी तरह सुधार नहीं आता है तो इसको लेकर आगामी 14 जुलाई को प्रखंड कार्यालय के समक्ष एकदिवसीय भूख हड़ताल किया जाएग, जिसकी जवाबदेही प्रशासन की होगी।