
गृहणी नूतन देवी, मनीता देवी, पुष्पा देवी ने कहा कि आजादी के बाद जो मुद्दा देश के राजनेताओं को उठाना चाहिए था, उस मुद्दे को सिने अभिनेता ने उठाकर नई बहस को जन्म दे दिया। उन्होंने कहा कि समाज में फैली इस बुराई को खत्म करने के लिए इंसान को खुद भी जागरुक होने के साथ दृढ़ संकल्पित होना पड़ेगा। आमिर खान की यह पहल सराहनीय है। राधा देवी एवं रेखा देवी ने कहा कि दिन प्रतिदिन लड़कियों की संख्या घटती जा रही है। संतुलन बिगड़ गया है। लड़कियों के जन्म के प्रति इंसान आज भी गलत धारण पाले हुए हैं। आमिर खान का यह शो इस धारणा को बदलने में कारगर साबित होगा। मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय सदस्य सुभाष वर्मा ने कहा कि आधुनिकता ने लोगों को धन तो दे दिया है, लेकिन नव दुर्गा के अवसर पर पूजी जाने वाली कन्याओं के प्रति नजरिया आज से 100 साल पहले वाली सभ्यता जैसी ही है। भ्रूण हत्या समाज के लिए एक अभिशाप बन चुकी है। अगर कन्याओं की हत्याएं होंगी तो बहुएं कहाँ से आयेंगी। कु० अनुराधा ने कहा कि समाज के बहुत से लोग बालिका के जन्म लेने पर खुशियों की जगह मातम मनाते हैं। लोगों में आगे वंश चलाने की गलत धारण बनी हुई है। लोगों का मानना रहता है कि लड़के आगे का वंश चलाते हैं। जबकि आज के युग में लड़का-लड़की को एक समान समझाना चाहिए। मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष पंकज तिबदेवाला , पूर्व अध्यक्ष गौतम सर्राफ , सचिव अरविन्द चौधरी, मिडिया प्रभारी रमेश चौधरी इत्यादि सदस्यों ने कहा कि सत्यमेव जयते टीवी शो के जरिए आमिर खान द्वारा शुरू की गई मुहिम लोगों की सोई आत्मा जगाने में कारगर सिद्ध होगी।