नवगछिया प्रखंड मुख्यालय परिसर में शनिवार को रात्रि लगभग साढ़े नौ बजे मतदान से लौट कर आये पीठासीन पदाधिकारी शैलेन्द्र झा की मौत हृदय गति रुकने के कारण हो गयी। वह खैरपुर पंचायत के मध्य विद्यालय परासपुर कदवा के मतदान संख्या 19 पर पीठासीन पदाधिकारी यूनिट नम्बर 2201770 के रूप में मतदान से लौटे थे। फिलवक्त खरीक प्रखंड के मध्य विद्यालय अम्बो में शिक्षक थे। वह तेतरी गांव का निवासी बताया जाता है। पीठासीन पदाधिकारी की मौत की खबर सुनकर प्रखंड कार्यालय परिसर में सुपर जोनल सह अनुमंडल पदाधिकारी सुशील कुमार, बीडीओ वीणा कुमारी चौधरी, थानाध्यक्ष प्रमोद पोद्दार, अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सुधांशु कुमार सहित कई पदाधिकारी वहां पर देर रात तक मौजूद थे।