कबीर अंत्येष्टि योजना का लाभ नवगछिया प्रखंड के कई पंचायतों में नहीं मिलने के कारण लोगों का विश्वास इस योजना से उठता जा रहा है। इसका खुलासा पुनामा प्रताप नगर पंचायत के सकुचा गांव के एक वृद्ध की मौत के बाद हुआ। जहां पंचायत सचिव और मुखिया ने इस योजना का लाभ देने से इंकार कर दिया। इस पर भड़के ग्रामीणों ने नवगछिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी वीणा चौधरी के आवास पर शव के साथ प्रदर्शन किया। साथ ही सारी बात से अवगत कराया। परिस्थिति को भांपते हुए बीडीओ वीणा कुमारी चौधरी ने तत्काल अपने पास से दाह संस्कार के लिए 15 सौ रुपए ग्रामीणों को प्रदान किया। जहां से लोग उक्त वृद्ध के शव को दाह संस्कार के लिए ले गए।
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत सेवक द्वारा कई माह से कबीर अंत्येष्टि योजना का लाभ कई लोगों को नहीं दिया जा रहा है। जिसके कारण ग्रामीणों में आक्रोश भी है। मौके पर ही संबंधित पंचायत सेवक ने मोबाइल पर बताया कि कबीर अंत्येष्टि योजना मद् का पैसा कई माह से नहीं मिल रहा है। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी वीणा कुमारी चौधरी ने बताया कि इस मद् का पैसा नहीं था सो आ गया है। जल्द ही सब लोगों को दे दिया जाएगा। फिलहाल सकुचा गांव के वृद्ध मृतक के परिजनों को यह राशि उपलब्ध करा दी गई है।