ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

छठ लिए घाटों की सफाई खुद करेंगे

नवगछिया ।लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा के लिए नवगछिया स्थित किसी भी घाट की सफाई नगर पंचायत द्वारा सोमवार तक नहीं करायी जा सकी। जबकि इस महापर्व की शुरूआत बुधवार से हो जायेगी। इसके साथ ही शुक्रवार को विभिन्न घाटों पर छठ व्रतियों का मेला लगेगा। जहां पूरी साफ-सफाई के बीच रास्ते भर दंडवत प्रणाम करते हुए श्रद्धालु भगवान भास्कर को अ‌र्घ्य समर्पित करेंगे। हाई स्कूल के समीप वाले पोखर, नगर पंचायत कार्यालय के पीछे कोसी की मृत धार, गौशाला के पोखर, राजेन्द्र कालोनी के पास खर नई की धार किनारे छठ पूजा मनायी जाती है। लेकिन इनमें से किसी भी जगह सफाई शुरू नहीं हुई है।
नियम निष्ठा एवं सफाई के बीच मनाए जाने वाले छठ पर्व के लिए घाटों की सफाई का भरोसा नवगछिया प्रशासन पर श्रद्धालु छोड़ना नहीं चाहते। वे खुद अपने-अपने घाटों की सफाई करेंगे। यह स्थिति नवगछिया शहर ही नहीं आस-पास के गांवों की भी है। जहां हर वर्ष की तरह श्रद्धालु सफाई के लिए कमर कस चुके हैं। नगर पंचायत के पास नीरज राय, सुरेश कुमार, पवन कुमार तो गौशाला के पोखर की सफाई गौशाला सचिव राम प्रकाश रुंगटा, बड़ी घाट ठाकुरबाड़ी प्रांगण, चैती दुर्गा प्रांगण, काली मंदिर प्रांगण एवं मारवाड़ी विवाह भवन में भी स्थानीय श्रद्धालुओं ने सफाई की बात कहीं है। नगरह गांव में भी कोसी की धार, कुम्हड़ा मोड़, कटेली एवं खाना धार इत्यादि जगहों पर भरतलाल पासवान एवं पैक्स अध्यक्ष अभय कुमार द्वारा रास्ता अपने एवं ग्रामीणों के खर्च पर बनवाते हैं तथा सफाई करवाते हैं।