ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

बाल भारती विद्यालय के चेतना सत्र में हुआ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन

बाल भारती विद्यालय के चेतना सत्र में हुआ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन
राजेश कानोड़िया/ नव-बिहार न्यूज 24, नवगछिया। स्थानीय बाल भारती विद्यालय में शुक्रवार की सुबह चेतना सत्र में भारत के राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा सामूहिक गायन के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह की विशेष असेंबली में बच्चों को वंदे मातरम् के इतिहास, बंकिम चन्द्र चट्टोपाध्याय द्वारा इसकी रचना और स्वतंत्रता संग्राम में इसकी प्रेरक भूमिका के बारे में अवगत कराया गया। लोगो में देशप्रेम का संचार करने वाला यह गीत आज भी राष्ट्र की आत्मा का परिचायक है। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य नवनीत सिंह ने प्रेरक संबोधन में कहा वंदे मातरम् हमारे स्वाभिमान, संस्कृति और देशभक्ति की धड़कन है। हर भारतीय के लिए यह गर्व का भाव है। प्रशासक  डी पी सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा एनसीसी के द्वारा वंदे मातरम के डेढ़ सौ वर्ष पूरे होने पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह कार्यक्रम देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत है और इसका उद्देश्य युवाओं को इतिहास के साथ जोड़ना और वंदे मातरम की मूल भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।

यह कार्यक्रम स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने और नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना विकसित करने का अवसर है। उन्होंने छात्रों को अनुशासन और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने का संदेश देते हुए कहा युवा ही भारत का भविष्य है; देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की जिम्मेदारी आप सब पर है। एनसीसी एएनओ विकास पांडेय ने कैडेट्स को राष्ट्रसेवा के संकल्प दिलाते हुए कहा देश के सम्मान और सुरक्षा के लिए समर्पण ही सच्ची देशभक्ति है। सभी के द्वारा सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। विद्यालय की छात्रा ब्यूटी कुमारी ने भी अपनी भावनाएँ व्यक्त कीं। कार्यक्रम के दूसरे चरण में विद्यालय परिसर में ही एनसीसी कैडेट्स के द्वारा वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर 23 बिहार बटालियन के पी आई नरेश चंद्रा, विद्यालय के सभी शिक्षक- शिक्षिकाएं, छात्र- छात्राएं उपस्थित थे।