हर छात्र एक दीपक होता है, जो सही दिशा और प्रेरणा से जगमगा उठता है: अजय रुंगटा
राजेश कानोड़िया, नवगछिया (भागलपुर)। हर छात्र एक दीपक होता है, जिसे सही दिशा और प्रेरणा की आवश्यकता होती है। जिसके मिलते ही वह जगमगा उठता है। यह बात बाल भारती विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष सह प्रमुख समाजसेवी अजय कुमार रुंगटा ने कही। मौका था बाल भारती विद्यालय, गोशाला रोड में प्रतिभा सम्मान समारोह का। जिसका भव्य आयोजन धनतेरस के मौके पर शनिवार को विद्यालय में ही किया गया। इस अवसर पर वर्ग दशम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालय के 34 छात्र- छात्राओं को मोमेंटो देकर सम्मानित भी किया गया। इस आयोजन की विशेषता यह रही कि विद्यालय ने अपने पूर्व छात्र छात्राओं का भी सम्मान किया जो आज देश भर में बैंकिंग, शैक्षणिक, इंजीनियरिंग एवं चिकित्सा जैसे विविध क्षेत्रों में अपनी उत्कृष्ट सेवाएँ दे रही हैं।
इस रोमांच कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रशासक देव प्रसाद सिंह उर्फ डीपी सिंह ने किया। उन्होंने अपने प्रेरक संबोधन में कहा विद्यालय की असली पहचान उसके विद्यार्थियों की सफलता से होती है। आप सभी हमारी उम्मीदों और सपनों के साकार रूप हैं। विद्यालय के प्राचार्य नवनीत सिंह ने कहा संघर्ष ही सफलता की पहली सीढ़ी है। जो छात्र आज मेहनत कर रहे हैं, वही कल समाज के आदर्श बनेंगे।
विद्यालय प्रबंधन समिति के सहसचिव प्रवीण केजरीवाल ने कहा जीवन में निरंतर सीखते रहना ही सबसे बड़ी सफलता है। जिज्ञासा और लगन ही सफलता का आधार हैं।
कार्यकारिणी सदस्य अभिषेक रुंगटा ने कहा विद्यार्थियों की सफलता विद्यालय की प्रतिष्ठा को और ऊँचाई देती है। आज का यह सम्मान उनके परिश्रम की सच्ची पहचान है। बाल भारती पोस्ट आफिस रोड के प्राचार्य कौशल किशोर जैसवाल ने अपने संबोधन में बच्चो को भविष्य में और बेहतरीन करने और समाज मे अपनी भूमिका निभाने हेतु बल दिया।
इस दौरान एसबीआई में कार्यरत रिया जायसवाल एवं हर्षित पंसारी को उनके उत्कृष्ट योगदान हेतु सम्मानित किया गया। वहीं मेडिकल AIMS-PG परीक्षा में डॉक्टर गगन हरनाथका ने 36 व ऑल इंडिया रैंक लाकर एम्स ऋषिकेश मैं दाखिला मिलने पर, उज्ज्वल कुमार ने नीट यूजी मैं सफलता पाकर जवाहरलाल मेडिकल कॉलेज मैं चयन होने पर दोनों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वर्ग 10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में वैष्णवी, प्रकृति, यश कुमार, अनुश्का भगत, आर्यन कुमार, दिया कुमारी एवं अन्य छात्रों को भी मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह और गौरव का वातावरण व्याप्त था। सभी सम्मानित विद्यार्थियों एवं पूर्व छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक वागीश झा, निमाई कुमार, सतीश झा, ब्रजेश ठाकुर, सुशांत चौधरी, उत्पल झा, सुनील पाठक, निखिल चिरानिया, निशिष कुमार, पुरुषोत्तम कुमार सहित बड़ी संख्या में अभिभावकगण मौजूद थे।