BIHAR TODAY: नीतीश की नौवीं सरकार की पहली कैबिनेट बैठक होगी आज
नव-बिहार न्यूज, पटना। राज्य में चल रहा राजनीतिक संशय रविवार की शाम उस समय खत्म हो गया, जब जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने भाजपा के समर्थन से नौवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। जहां राजभवन के मंडपम में एक सादे समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। इस क्रम में मुख्यमंत्री के अलावा आठ अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली। जिसमें जदयू के तीन व भाजपा के तीन और हिंदुस्तानी आंवाम मोर्चा (हम) के एक व निर्दलीय के एक विधायक ने भी मंत्री पद की शपथ ली। सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा उप मुख्यमंत्री बनाये गये हैं। इस समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जेपी नड्डा, लोजपा रामविलास के अध्यक्ष चिराग पासवान तथा केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस भी मौजूद थे। समारोह का राजद ने बहिष्कार किया। शपथ ग्रहण समारोह के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक्स हैंडल पर ट्वीट कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई दी। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी एक्स हैंडल पर ही बिहार वासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।
मंत्रिमंडल विभाग के सूत्रों ने बताया कि प्रदेश की नयी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक सोमवार को सुबह 11.30 बजे से है। इस बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। साथ ही इस बैठक में दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा के साथ मंत्री विजय चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव, प्रेम कुमार, सुमित सिंह और संतोष कुमार सुमन शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक जल्द ही कैबिनेट का विस्तार भी किया जायेगा, जिसमें दोनों दलों के और भी मंत्री बनाये जायेंगे।