ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

NAUGACHIA: बीकानेर गुवाहाटी एक्सप्रेस में यात्री हुआ घायल, अस्पताल पहुंचते ही तोड़ दिया दम

NAUGACHIA: बीकानेर गुवाहाटी एक्सप्रेस में यात्री हुआ घायल, अस्पताल पहुंचते ही तोड़ दिया दम
NAV BIHAR NEWS, NAUGACHIA: पूर्व मध्य रेल के बरौनी-कटिहार रेलखंड अंतर्गत गुरुवार को बीकानेर से गुवाहाटी जा रही 15633 बीकानेर एक्सप्रेस के शौचालय में एक यात्री खून से लथपथ गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया गया। जहां ट्रेन की खिड़की के कांच के टुकड़े भी बिखरे पड़े थे। घटना की सूचना यात्रियों ने तब रेल कंट्रोल को दी जब घायल व्यक्ति बाथरूम में दर्द से चिखने लगा। इसके बाद रेल कंट्रोल द्वारा नवगछिया रेल पुलिस एवं स्टेशन अधीक्षक को इसकी सूचना दी गयी। घायल व्यक्ति को अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। यात्री खून से लथपथ जिंदगी और मौत से जूझ रहा था। घटना खगड़िया से ट्रेन खुलने के बाद नवगछिया आने से पूर्व होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

घटना की सूचना पर तत्काल नवगछिया आरपीएफ इंस्पेक्टर मृणाल कुमार दल-बल के साथ बोगी संख्या एस 9  में पहुंचकर शौचालय से काफी मशक्कत के बाद घायल व्यक्ति को निकलवाया। घायल व्यक्ति के गले, पेट एवं कई जगहों पर कांच के टुकड़े से गंभीर कटे हुए निशान मिले। जिससे पेट का आंतरिक हिस्सा निकला हुआ था। व्यक्ति खून से लथपथ होने के बाद तड़प रहा था। तत्काल इसकी सूचना एवं नवगछिया अनुमंडल अस्पताल को दी गयी। जहां से एंबुलेंस लेकर मौके पर लोग पहुंचे और घायल व्यक्ति को अनुमंडल अस्पताल लाया। जहां पर डॉक्टर ने देखकर उसे मृत घोषित कर दिया।

 घटना की जानकारी मिलते ही कटिहार के रेल अपर पुलिस अधीक्षक कुंदन कृष्णन, पुलिस निरीक्षक राम प्रमोद यादव, नवगछिया आरपीएफ इंस्पेक्टर मृणाल कुमार, जीआरपी थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह आदि पुलिस अधिकारी पहुंचे जहां पर मृतक के पास से मिले आधार कार्ड एवं मोबाइल के आधार पर जानकारी जुटाने में लगे। बताया गया कि मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल न्यू कोच बिहार थाना 12 नाथ बारी के उमाकांत बर्मन के पुत्र दिनेश्वर बर्मन (48) के रूप में की गयी। पुलिस ने मृतक के पास मिले मोबाइल से परिजनों को जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना को हत्या की दृष्टि से देखा जा रहा है। किस परिस्थिति में हत्या की गयी, मौके पर कांच के कई टुकड़े मिले हैं। ट्रेन में मौजूद लोगों द्वारा कुछ नहीं बताया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सही पता लग पाएगा। वहीं जीआरपी थाना अध्यक्ष रविंद्र प्रसाद ने बताया कि वरीय पदाधिकारी के निर्देशानुसार हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू किया गया है।

जयपुर में राज मिस्त्री का काम करता था

 परिजनों ने बताया  कि मृतक जयपुर में राजमिस्त्री का काम करता था। वह बुधवार को जयपुर से अपने घर भतीजे की शादी में हिस्सा लेने के लिए चला था। रास्ते में किस तरह से घटना हुई इसकी जानकारी नहीं है।