चांद का हुआ दीदार, ईद की नमाज आज
नव-बिहार समाचार। भागलपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को ईद के चांद का दीदार हो ही गया। इसके साथ ही तय भी हो गया कि शनिवार को इंद की नमाज अदा की जाएगी। ईदगाहों और मस्जिदों में इसकी तैयारी शुरू कर दी गई। मुल्लाचक शरीफ स्थित खानकाह शहबाजिया के गद्दीनशी सैयद शाह इंतखाब आलम शहबाजी मियाँ साहब ने शुक्रवार की शाम ईद के चांद का दीदार हो जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि चांद का दीदार स्पष्ट हुआ है। खानकाह के लोगों के अलावा आम और खास, सभी लोगों ने भी चाँद का दीदार किया। देशभर में चांद देखे जाने की सूचना है। शहर से सटे क्षेत्रों में भी चांद देखा गया। उन्होंने कहा, शनिवार को ईद की नमाज अदा की जाएगी। गद्दीनशी ने जिलेवासियों को ईद की मुबारकबाद भी दी। शहर में सभी मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज होने के बाद खानकाह शहबाजिया में सबसे अंत में 10.45 बजे ईद की नमाज अदा की जाएगी।